कोण्डागांव में 05 लाख के इनामी नक्सली ने किया आत्मसमर्पण, हथियार बनाने में था माहिर

कोंडागांव ब्रेकिंग__
फागु यादव
7000467476


*कोंडागांव, 16 जनवरी 2025:* छत्तीसगढ़ के कोण्डागांव जिले में आज एक बड़ी खबर सामने आई है। 5 लाख रुपये के इनामी नक्सली गिंजरू राम उसेण्डी उर्फ कमलदास उसेण्डी ने आज गुरुवार दोपहर 1:00 बजे पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आत्मसमर्पण कर दिया है। नक्सली लंबे समय से उत्तर बस्तर डिविजन टेक्निकल टीम एरिया कमेटी कमांडर के पद पर कार्यरत था।
आत्मसमर्पण करने वाले नक्सली ने बताया कि वह शासन की नक्सल उन्मूलन नीति से प्रभावित होकर और नक्सलियों की खोखली विचारधारा से निराश होकर यह फैसला लिया है। वह अब मुख्यधारा से जुड़कर एक नया जीवन शुरू करना चाहता है।
आत्मसमर्पण करने वाला नक्सली 1998 से 2024 तक नक्सली संगठन के विभिन्न पदों पर कार्यरत रहा। वह जनमिलिशिया सदस्य, किसकोडो दलम सदस्य, बुधयारमारी LOS कमांडर, पूर्वी बस्तर डिविजन टेक्निकल डिपार्टमेंट में कार्यरत रहा और अंततः उत्तर बस्तर डिविजन टेक्निकल टीम एरिया कमेटी कमांडर बना। मिली जानकारी के मुताबिक नक्सली, भरमार बंदूक बनाने, हेण्ड ग्रेनेड बनाने, देशी लांचर बनाने और अन्य हथियारों की मरम्मत में भी माहिर था। वह जिला कोण्डागांव, कांकेर, नारायणपुर, बस्तर, दंतेवाड़ा और बीजापुर के सीमावर्ती क्षेत्रों में विभिन्न मुठभेड़ों में शामिल रहा है।
आत्मसमर्पण करने पर नक्सली को शासन की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति के तहत 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी गई है।
पुलिस अधीक्षक कोण्डागांव वॉय अक्षय कुमार के नेतृत्व में पुलिस लगातार नक्सल विरोधी अभियान चला रही है और नक्सल प्रभावित ग्रामों में सिविक एक्शन कार्यक्रम चलाकर शासन की आत्मसमर्पण नीति के बारे में लोगों को जागरूक कर रही है। इसी के परिणामस्वरूप नक्सली आत्मसमर्पण कर रहे हैं।