मनीराम सिन्हा.
नरहरपुर. ब्लॉक मुख्यालय नरहरपुर का सबसे बड़ा दो दिवसीय वार्षिक मेला 24 दिसंबर से आयोजित किया जाएगा। मेले में आसपास गांव के देवी-देवता शामिल होंगे। मेले में कांकेर जिले के व्यापारी के अलावा दूसरे जिले के व्यापारी भी यहां बड़ी संख्या में पहुंचते हैं। मेला के अवसर पर उन्मुक्त खेल मैदान में मीना बाजार पूरी तरह से सजकर तैयार है। जो कि आकर्षक का मुख्य केंद्र माना जाता है। विगत दो वर्षों से मीना बाजार खेल मैदान में आयोजित की जा रही है। जिसके कारण स्थानीय व्यापारियों में थोड़ी नाराजगी देखने को मिल रही है। मौसम के उतार चढ़ाव के कारण व्यापारियों के माथे पर चिंता की लकीरें दिखाई दे रही है। क्योंकि साल भर व्यापारियों को मेले का बेसब्री से इंतजार रहता है। क्षेत्र के कई किसानों का धान टोकन नहीं कटने से वे भी मायूस दिख रहे हैं। क्षेत्र में मेला का दौर शुरू हो चुका है। नगर पंचायत मेला की तैयारी में एवं पुलिस प्रशासन भी सुरक्षा एवं ट्रैफिक व्यवस्था की तैयारी जुटी हुई है।
