जन सहयोग संस्था द्वारा 149 वीं लावारिस लाश की अंत्येष्टि*,,,

यजुवेंद्र सिंह ठाकुर

काँकेर । शहर तथा प्रदेश की सुप्रसिद्ध समाजसेवी संस्था “जन सहयोग” द्वारा आज एक और लावारिस व्यक्ति की अंत्येष्टि किए जाने के साथ ही संस्था का कीर्तिमान 149 तक पहुंच गया है। आज की घटना इस प्रकार है कि इंदिरा आवास मोहल्ले में रहने वाले 95 वर्षीय जगदेव मरकाम की सुबह सवेरे मृत्यु हो गई। इनका आगे- पीछे कोई भी नहीं था , 35 किलोमीटर दूर स्थित जामगांव से आकर जगदेव यहां बसे हुए थे और कच्चे मकानों में खपरा छाने का काम करते थे। उम्र अधिक हो जाने के कारण काम नहीं मिलने से उन्हें भीख मांग कर खाना पड़ता था। उनकी रिश्ते की छोटी बहन कभी-कभी आकर उन्हें देख जाया करती थी। वह भी इतनी गरीब है कि जगदेव के अंतिम संस्कार के लिए उसके पास कुछ भी नहीं था। ऐसी स्थिति में मोहल्ले वालों ने “जन सहयोग” संस्था के अध्यक्ष अजय पप्पू मोटवानी से संपर्क किया और उनकी प्रार्थना को स्वीकार करते हुए “जन सहयोग” के सदस्य फौरन इंदिरा आवास पहुंच गए तथा उनकी बहन को दिलासा देते हुए मृतक जगदेव के अंतिम संस्कार का सारा प्रबंध कर दिया। इस पुण्य कार्य में “जनसहयोग” संस्था के अध्यक्ष अजय पप्पू मोटवानी के अलावा डॉक्टर श्याम देव, अरविंद चौहान , प्रवीण गुप्ता एवं संरक्षक नरेंद्र दवे वकील साहब शामिल हुए। इंदिरा आवास के सहयोगियों में सोप सिंह पोटाई कनेश सलाम, गौतम साहू, सुखलाल मंडावी, राहुल सिंह, राखी सिंह तथा पंजाबी काका अंत्येष्टि में शामिल हुए। शहर वासियों ने “जन सहयोग” संस्था के इस सामाजिक कार्य की अत्यंत सराहना तथा प्रशंसा की है। उल्लेखनीय है कि अजय पप्पू मोटवानी अपनी संस्था के साथियों सहित विगत अनेक वर्षों से लावारिस लाशों की अंत्येष्टि का प्रबंध अपने खर्चे पर करते आ रहे हैं और अब तक यह संख्या 149 तक पहुंच चुकी है।

Express MPCG