रिपुदमन सिंह बैंस 
चारामा विकास खंड के ग्राम खैरवाही के वरिष्ठ कांग्रेस नेता स्व अब्बास खान की पुण्य स्मृति में शुक्रवार 22 नवंबर को शासकीय प्राथमिक विद्यालय खाउडन पारा एवं शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय खैरवाही में बच्चों के लिए न्यौता भोज का आयोजन किया गया और बच्चों को उपहार भी प्रदान किया गया । स्व अब्बास खान ग्राम खैरवाही के प्रतिष्ठित किसान के साथ साथ अपने क्षेत्र के जाने माने नेता थे और हमेशा लोगों के सुख दुख में साथ देने के कारण बेहद लोकप्रिय रहे । विगत दिनों उनकी धर्मपत्नी श्रीमती राबिया खान एवं उनके ज्येष्ठ पुत्र अब्दुल सादिक खान के द्वारा उन्हें याद करते हुए स्कुली बच्चों को उनके ही विद्यालय में जाकर भोजन कराया गया । पुड़ी सब्जी के साथ भोजन करके दोनों ही विद्यालय के बच्चे बहुत प्रसन्न नजर आए । इस दौरान छोटे बड़े बच्चों को अपने बीच पाकर खान परिवार भी बहुत ही उत्साहित रहे । वहीं इस आयोजन के लिए विद्यालय परिवार की ओर से खान परिवार के लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया गया ।
