जगदलपुर–बिलासपुर में बस्तर के नायब तहसीलदार के साथ पुलिस की बदसलूकी,सरकंडा टी आई किए गए लाइन अटैच

  • चंद्रहास वैष्णव

बस्तर जिले के करपावंड में पदस्थ‎ नायब तहसीलदार और उनके इंजीनियर‎ भाई के साथ बिलासपुर पुलिस ने मारपीट की थी। पुलिस के इस गैर कानूनी कार्रवाई के छत्तीसगढ़ प्रशासनिक सेवा संघ ने पुलिस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इस बीच IG ने कार्रवाई करते हुई सरकंडा TI को लाइन अटैच कर दिया है। वहीं पूरे मामले पर एसपी से रिपोर्ट मांगी है।

दरअसल, 16 नवम्बर की रात बस्तर जिले के करपावंड में पदस्थ नायब तहसीलदार पुष्पेंद्र मिश्रा अपनी मां का तबीयत खराब होने की जानकारी मिलने के बाद देर रात बिलासपुर पहुंचे। रेलवे स्टेशन से वो बाइक पर अपने भाई और पिता के साथ घर जा रहे थे। तभी सरकंडा के अशोक नगर के पास पुलिस की गस्त टीम ने उन्हें रोकने की कोशिश की। पुष्पेन्द्र ने कुछ दूरी पर जाकर अपनी गाड़ी रोकी। इससे नाराज पुलिसकर्मियों ने सीधे उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।जिस पर पुष्पेंद्र मिश्रा भड़क गए और अपना परिचय नायब तहसीलदार के रूप में देने लगे। लेकिन, पुलिसकर्मियों ने उनकी बात नहीं सुनी और उन्हें अपराधी की तरह पकड़कर थाने ले आए। आरोप है कि थाना प्रभारी तोप सिंह नवरंग ने थाने में नायब तहसीलदार पुष्पेंद्र मिश्रा के साथ बदसलूकी से बात की और उनके साथ गाली गलौज करते हुए मारपीट भी की।
इस घटना के बाद से पुलिस और प्रशासन आमने सामने हो गया है। नायब तहसीलदार के साथ हुए अभद्र व्यवहार के विरोध में मंगलवार को छत्तीसगढ़ कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ के पदाधिकारियों ने कलेक्टर से मुलाकात कर इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। वहीं, इस मामले में अभी तक कोई एक्शन नहीं लेने से नाराज संघ के पदाधिकारियों ने 21 नवंबर को सामूहिक अवकाश लेकर विरोध-प्रदर्शन करने का ऐलान कर दिया है। संघ के पदाधिकारियों ने बयान जारी कर कहा है कि तहसीलदार और नायब तहसीलदार प्रशासनिक व्यवस्था के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के साथ इस तरह का व्यवहार न केवल उनकी गरिमा पर प्रहार है। बल्कि, यह प्रशासनिक व्यवस्था पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है। संघ ने इस घटना के विरोध में पीड़ित अधिकारी के प्रति एकजूटता प्रदर्शित करने के लिए प्रदेश के सभी तहसीलदार और नायब तहसीलदार 21 नवंबर को सामूहिक अवकाश पर रहेंगे।

Express MPCG