फागु यादव
कोंडागांव, 18 जुलाई 2024: जिला मुख्यालय में 16 जुलाई को हुई भारी बारिश से नगर पालिका क्षेत्र के कई वार्ड प्रभावित हुए थे। आज नगर पालिका अध्यक्ष वर्षा यादव ने विकासनगर वार्ड में बारिश से प्रभावित हुए स्थानीय लोगों से मुलाकात की। मुलाकात के दौरान लोगों ने बताया कि उनके घरों में बारिश का पानी घुस गया था, नालियों की सफाई नहीं होने के कारण जल भराव की स्थिति बनी हुई थी। जिसके चलते उन्हें काफी नुकसान उठाना पड़ा। प्रभावितों का कहना है की व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के सामने बने नालियों के ऊपर रैंप पानी के बहाव में बाधा डाल रहे थे। जिसके चलते भी जल भराव की स्थिति पैदा हुई थी। मामले का संज्ञान लेते ही नगर पालिका अध्यक्ष वर्षा यादव ने नगर पालिका की टीम को मौके पर बुलाया, साथ ही उनके द्वारा आज जेसीबी से रैंप हटवाकर नालियों की सफाई करवाई गई है। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष वर्षा यादव ने मीडिया को बताया कि नालियों की नियमित सफाई करवाई जाएगी। भविष्य में जल भराव की स्थिति ना हो इसके लिए पुख्ता इंतजाम भी किए जाएंगे।
