नगर पालिका कोंडागांव के सीएमओ राजेंद्र पात्रे हुए सस्पेंड, गरीबों से ₹500 वसूली का लगा आरोप

फागु यादव

नगर पालिका कोंडागांव के मुख्य नगर पालिका अधिकारी सीएमओ राजेंद्र पात्रे को गरीबों से ₹500 वसूलने के आरोप में सस्पेंड कर दिया गया है। उन पर आरोप है कि वह नियमों के विरुद्ध गरीबों से बीपीएल प्रमाण पत्र जारी करने के बदले ₹500 की अवैध वसूली कर रहे थे। यह कार्यवाही नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के अवर सचिव द्वारा जारी आदेश के बाद की गई है। उनका मुख्यालय निलंबन अवधि के दौरान जगदलपुर में रहेगा। सूत्रों के अनुसार राजेंद्र पात्रे पर नोनी सुरक्षा योजना अंतर्गत दिए जाने वाले गरीबी रेखा प्रमाण पत्र जारी करने के लिए कई गरीबों ने शिकायत दर्ज कराई थी। इन शिकायतों की जांच के बाद नगरीय प्रशासन विभाग ने उन्हें सस्पेंड करने का फैसला लिया। वही यह घटना जिले में चर्चा का विषय बन गई है। लोगों का कहना है कि गरीबों का शोषण करने वाले अधिकारियों के खिलाफ ऐसे ही सख्त कार्यवाही हमेशा होनी चाहिए।