विनोद जैन

बालोद। 9 मई 2024 को प्रेस क्लब बालोद के बैनर तले इंजीनियर ताराचंद साहू के द्वारा पुस्तक दान कार्यक्रम से प्रारंभ संकल्प यात्रा अब एक खास पड़ाव में पहुंच गई है। उक्त कार्यक्रम में कलेक्टर ने ग्रंथालय में पढ़ने वाले बच्चों को जिला प्रशासन द्वारा सुविधा उपलब्ध कराने की बात कही थी। उसके बाद से इस दिशा में लगातार प्रयास हुए और आखिरकार 27 जून को विभिन्न प्रतियोगिताओं की तैयारी कर रहे बच्चों को एक बड़ी सुविधा मिल गई। यहां के बच्चों को अब ऑनलाइन क्लासेस की सुविधा मिलने लगी है। जिला प्रशासन बालोद ने इस ओर रुचि दिखाते कोचिंग सुविधाओं को और उपयोगी बनाया, पहले ही दिन अनेक बच्चों ने इसका लाभ लिया और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
जिला ग्रंथालय बालोद में 27 जून से ऑनलाइन क्लासेस की सुविधा मिलने लगी है। प्रथम दिन मैथ्स सहित अनेक विषयों की जानकारियां दी गई। प्रथम दिन 12 बच्चे जो सीजीपीएससी व व्यापम की तैयारी में लगे हैं भाग लिए। प्रतिदिन क्लास 7:30 से 10:30 बजे तक चलेगी।
ऑनलाइन क्लास की जरूरत यहां के प्रतियोगी छात्र काफी समय से कर रहे थे। उनकी मांगों को उड़ान 9 मई 2024 को मिली, जब प्रेस क्लब बालोद के बैनर तले इस कार्यक्रम में कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल मुख्य अतिथि थे। कलेक्टर के समक्ष जिला ग्रंथालय के बच्चों और प्रेस क्लब बालोद ने यहां पर ऑन लाइन क्लास जरूरत बताई। कलेक्टर ने तत्काल एसडीएम शीतल बंसल को इस ग्रंथालय को इस ओर गंभीरता से पहल करने के निर्देश दिए। इसके बाद लगातार इस दिशा में कार्य हुए 15 मई को इंजीनियर ताराचंद साहू ने क्लास लेकर परीक्षा की तैयारी की जानकारी दी। इसके बाद 20 मई को टेस्ट सीरीज का आयोजन किया इसमें 30 बच्चे भाग लिए इनमें से कई बच्चे काफी प्रतिभाशाली निकले। इसके बाद एसडीएम शीतल बंसल के नेतृत्व में ऑनलाइन कोचिंग की बात चली और 27 जून को इसमें सफलता मिल गई।
बॉक्स,,,
टेस्ट सीरीज होगी, डाउट क्लीयरिंग क्लासेस भी लगेंगे
यहां पर तैयारी कर रहे बच्चों को परीक्षा के लिए पूरी तरह से पारंगत किया जाए इसकी पूरी प्लानिंग जिला प्रशासन ने कर ली है। आगे अध्ययनरत बच्चों के लिए लोक सेवा आयोग की प्रारंभिक परीक्षा एवं व्यापम की परीक्षाएं टेस्ट सीरीज का भी आयोजन किया जाएगा। साथ ही विभिन्न परीक्षाओं के संबंध में क्लासेस दी जा रही है, डाउट क्लियर करने के लिए क्लासेस भी लगाई जाएगी, जिसमें विषय विशेषज्ञ उपस्थित रहेंगे जहां बच्चे अपनी समस्या का समाधान भी कर सकेंगे।
बॉक्स,,,
सौ से अधिक बच्चे कर रहे विभिन्न परीक्षाओं की तैयारी
जिला ग्रंथालय के प्रभारी लोकेंद्र कुमार बघेल ने बताया कि यहां पर प्रतिदिन 100 से अधिक बच्चे पहुंच रहे हैं, जो विभिन्न परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। इनमें से ज्यादातर बच्चे व्यापम की तैयारी कर रहे हैं। वहीं सीजीपीएससी की भी तैयारी काफी संख्या में बच्चे कर रहे हैं। बच्चों को यहां पर पढ़ने के लिए टेबल, कुर्सी, पठान सामग्री सहित सारी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है।
,,ग्राम पड़कीभाट निवासी ग्रेजुएट गुलशन ने बताया कि वह यहां पर व्यापम की तैयारी के लिए पिछले एक माह से प्रतिदिन आ रहा है। आज से ऑनलाइन क्लास की सुविधा मिलने लगी है। पहले ही दिन ऑनलाइन क्लास से सारे बच्चे उत्साहित हैं और निश्चित रूप से लग रहा है कि हमें सफलता मिल जाएगी।
,,,बालोद की रहने वाली प्रतीक्षा ठाकुर जो की सीजीपीएससी की तैयारी कर रही है वह पिछले एक साल से यहां आ रही है। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन क्लासेस से निश्चित रूप से सफलता मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन क्लासेस का लाभ यहां के बच्चों को अवश्य मिलेगा।
,,ग्राम ओरमा निवासी चंद्रहास सोनकर ने बताया कि उसने एमएससी बीएड किया है। व्यापम की तैयारी में लगा हुआ है। एक माह से वह जिला ग्रंथालय आकर तैयारी में जुटा हुआ है। उन्होंने ऑनलाइन क्लासेस को बेहद उपयोगी बताया और कहा कि वह प्रतिदिन यह क्लास अटेंड करेगा।
,,, बालोद की रहने वाली डूमेश्वरी बीकॉम कर ली है। वह व्यापम सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही है। डूमेश्वरी ने बताया कि ऑनलाइन क्लास पहले ही दिन बहुत अच्छा रहा। निश्चित रूप से इसका लाभ यहां के बच्चों को मिलेगा।
अनुविभागीय अधिकारी राजस्व शीतल बंसल ने कहा कि जिला कलेक्टर बालोद के निर्देश पर ऑनलाइन क्लासेस की सुविधा जिला ग्रंथालय में छात्र-छात्राओं को दी जाने लगी है। अकादमी के द्वारा यह सुविधा दी जा रही है। आगे भी लोक सेवा आयोग के प्रारंभिक परीक्षा एवं व्यापम की विभिन्न परीक्षाओं के संबंध में क्लासेस दी जा रही है, जो भी आवश्यक हो सारी सुविधाएं उपलब्ध कराने की कोशिश की जाएगी।
