आर एस भटनागर
जगदलपुर।
लोकसभा चुनाव में बस्तर का किला जीतने के लिये भारतीय जनता पार्टी जनता का मन जीतने हर संभव प्रयास कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बस्तर के ग्रामीण क्षेत्र छोटे आमाबाल में सोमवार को हुई सफलतम ऐतिहासिक जनसभा के तीन दिन बाद संभाग मुख्यालय जगदलपुर में कल 12 अप्रैल को प्रदेश के मुखिया मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रोड शो करेंगे। ग्रामीण इलाके के बाद अब शहरी क्षेत्र में जनता से जुड़ने जोड़ने भाजपा की रणनीतिक कवायद जारी है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय कल शुक्रवार 12 अप्रैल की शाम 5 बजे दक्षिण बस्तर बीजापुर से जगदलपुर पहुचेंगे। विशेष विमान से एयरपोर्ट में उतरने के बाद मुख्यमंत्री श्री साय का रोड शो आरंभ होगा। भाजपा के कार्यकर्ता और विभिन्न समाजों, संस्थाओं के द्वारा जगह जगह मुख्यमंत्री साय का स्वागत अभिनंदन होगा। जिसकी तैयारियां व्यापक पैमाने पर भाजपा द्वारा जोर शोर से अंतिम रूप पा रही है। बस्तर लोकसभा के भाजपा प्रत्याशी महेश बघेल के पक्ष में प्रचार करने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का रोड शो एयरपोर्ट के सामने से शुरू किया जायेगा। कुम्हारपारा रोड, शहीद पार्क, झंकार टाकीज, सिटी कोतवाली, स्टेट बैंक चौक, महावीर चौक, नावेल्टी चौक, मेन रोड, गोल बाजार चौक, सीरासार चौराहे से मुख्यमंत्री श्री साय के रोड शो का काफिला गुजरेगा। माई श्री दंतेश्वरी मंदिर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय माथा टेक पूजा अर्चना करेंगे। जहाँ से प्रदेश के मुखिया का रोड शो गुरुनानक चौक, संजय मार्केट, हनुमान मंदिर चौराहा, अग्रसेन चौक, ममता विडियो चौक, दाऊ मिल, गुरु गोविंद सिंह चौक से होते हुये भाजपा जिला कार्यालय पहुँच कर संपन्न होगा। पार्टी कार्यालय में मुख्यमंत्री भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के रोड शो को लेकर भाजपा शहर को सजाने में जुटी है। भाजपा के झंडे, बैनर, पोस्टर व स्वागत द्वार से शहर को सजाने भाजपा कार्यकर्ताओं की टोली परिश्रम कर रही है।
