*भाजपा आज करेगी बूथ विजय संकल्प अभियान का आगाज़* = समूचे प्रदेश में बूथ को मजबूत बनाने एक साथ चलेगा अभियान, प्रमुख नेताओं की उपस्थिति में होगी बूथ समितियों की बैठक = प्रत्येक बूथ में न्यूनतम 100 झण्डे लगायेंगे भाजपा कार्यकर्ता, बूथवार 370 वोट बढा़ने का भी लक्ष्य = जिले के सभी 760 बूथों में होगा बूथ विजय संकल्प अभियान, बस्तर लोकसभा चुनाव में भाजपा की जीत सुनिश्चित करने देवतुल्य कार्यकर्ता संकल्पित – रुप सिंह मण्डावी

आर एस भटनागर

जगदलपुर।
भारतीय जनता पार्टी लोकसभा चुनाव के दृष्टिगत एक-एक बूथ को मजबूत बनाने कल 30 मार्च को समूचे प्रदेश में बूथ विजय संकल्प अभियान मनायेगी। जिसके तहत प्रत्येक बूथ में बनायी गयी बूथ समितियों की बैठक आवश्यक रूप से होगी। बूथ समिति की बैठक में भाजपा के वरिष्ठ नेता बतौर अतिथि उपस्थित रहेंगे। बूथ विजय संकल्प अभियान के अन्तर्गत प्रत्येक बूथ में न्यूनतम 100 झण्डे लगाने का लक्ष्य तय किया गया है। जिसकी शुरुआत भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा किया जायेगा।

चुनाव में विजय का मार्ग बूथ को जीत कर ही निकलता है, इस मूल वाक्य को मूर्त रुप देने भाजपा अपने समस्त कार्यकर्ताओं को उनके बूथों में सक्रियता से कार्य कराने की रणनीति पर काम कर रही है। भाजपा के कार्यकर्ता कल 30 मार्च को अपने अपने बूथों में सक्रिय रहेंगे, बूथ समिति की बैठकें करके सभी सदस्यों को लोकसभा चुनाव के प्रचार प्रसार की गति बढा़ने ऊर्जा भरेंगे। बूथ वार सौ – सौ झण्डा लगाने का काम भी शनिवार से भाजपा कार्यकर्ता अपने बूथों में आरंभ करेंगे। साथ ही सघन जनसंपर्क करते हुये बूथ में निवासरत लाभार्थियों से भी जीवंत संपर्क बनायेंगे। भाजपा बूथ विजय संकल्प अभियान को बड़ी गंभीरता से ले रही है और सभी कार्यकर्ताओं को इस अभियान के तहत अपने बूथों में सक्रियता से जुटने कहा गया है । साथ ही बूथ क्षेत्र के मतदाताओं को मतदान करने के प्रेरित करते हुये प्रत्येक बूथ में 370 वोट बढ़ाने का लक्ष्य भी निर्धारित किया है।

भारतीय जनता पार्टी जिला अध्यक्ष रुप सिंह मण्डावी ने कहा कि कल 30 मार्च को भाजपा प्रदेश स्तर पर बूथ विजय संकल्प अभियान मनायेगी। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर जिसकी तमाम तैयारियां बस्तर जिले में पूरी की गयी है। बस्तर जिले के सभी 760 बूथों में बूथ विजय संकल्प अभियान एक साथ आरंभ होगा। बस्तर लोकसभा चुनाव में भाजपा की विजय सुनिश्चित करने संगठन का एक एक कार्यकर्ता संकल्पित है और प्राणप्रण से कार्य कर रहा है।

*केदार कश्यप जायेंगे करंदोला, विनायक गोयल घाटधनोरा व रूप सिंह मण्डावी बेसोली में रहेंगे*

बूथ विजय संकल्प अभियान में भाजपा के बड़े चेहरे भी बूथों को सशक्त बनाने पसीना बहायेंगे और बूथ में उपस्थित रहेंगे। वन मंत्री केदार कश्यप करंदोला बूथ नं. 240 में जायेंगे। चित्रकोट विधायक घाटधनोरा बूथ नं 51 में रहेंगे। भाजपा जिला अध्यक्ष रुप सिंह मण्डावी बेसोली बूथ नं. 213 में मौजूद रहेंगे। श्रीनिवास राव मद्दी जगदलपुर प्रवीर वार्ड बूथ नं. 100, डा. सुभाऊ कश्यप बस्तर नगर पंचायत बूथ नं. 103, बैदूराम कश्यप डिमरापाल बूथ नं. 159, संतोष बाफना जगदलपुर महाराणा प्रताप वार्ड बूथ नं. 171 में उपस्थित रहेंगे। भाजपा के सभी बडे़ नेता, पदाधिकारी अपने-अपने बूथ में बूथ विजय संकल्प अभियान में समय देंगे।
__________________

Express MPCG