खाद्य विभाग ने अवैध धान के परिवहन पर की बड़ी कार्रवाही , 500 बोरी धान औऱ ट्रक को किया जप्त
भरत भारद्वाज
कोण्डागांव – कोण्डागांव जिले के खाद्य विभाग के द्वारा धान के अवैध परिवहन पर बड़ी कार्यवाही की है, खाद्य विभाग ने उड़ीसा राज्य से आ रहे 500 बोरी धान व एक ट्रक को जप्त किया है ।

जानकारी अनुसार खाद्य निरीक्षक माकड़ी हितेश दास मानिकपुरी को छिनरी चेक पोस्ट पर तैनात कर्मचारियों के द्वारा सूचना दी गई कि ट्रक क्रमांक सीजी 17 के एम 0215 में 500 बोरी धान अवैध रूप से उड़ीसा राज्य से परिवहन किया जा रहा है , खाद्य निरीक्षक मानिकपुरी द्वारा मौके पर तत्काल पहुंच कर जांच कार्यवाही की गई । पूछताछ में ट्रक के चालक ने अपना नाम मुखचंद पोयम पिता स्वर्गीय चमरू राम पोयम निवासी ग्राम मालागांव का होना बताया गया और उक्त धान को ओडिसा से लेकर माजीसा राइस मिल कोंडागांव लाना बताया गया । धान के परिवहन हेतु किसी प्रकार का दस्तावेज या अनुमति नहीं पाया गया है। विदित है कि खरीफ विपणन वर्ष 2023 -24 में धान उपार्जन अवधि के दौरान सीमावर्ती राज्य से धान का आयात 30/4/2024 तक प्रतिबंधित है। अत: खाद्य निरीक्षक के द्वारा उक्त धान एवं वाहन को जप्त कर पुलिस थाना अनंतपुर की अभिरक्षा में दिया गया है । प्रकरण आगामी कार्यवाही हेतु कलेक्टर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा संपूर्ण जांच कार्यवाही में खाद्य निरीक्षक माकड़ी हितेश दास मानिकपुरी, ग्राम सचिव रजधर पोयाम एवं ग्राम कोतवाल नवल दास शामिल थे।
