वोट की चोरी लोकतंत्र पर प्रहार, जनता के अधिकार की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक लड़ेंगे” — कांग्रेस कांकेर में “लोकतंत्र बचाओ, वोट बचाओ, देश बचाओ” रैली में उमड़ा जनसैलाब*

यजुवेन्द्र सिंह ठाकुर

प्रदेश प्रभारी बनने के बाद पहली बार कांकेर पहुंचे सांसद सुखदेव भगत; भूपेश बघेल, चरणदास महंत और दीपक बैज सहित वरिष्ठ नेताओं ने भरी हुंकार

कांकेर। जिला कांग्रेस कमेटी कांकेर के तत्वावधान में आयोजित “लोकतंत्र बचाओ, वोट बचाओ, देश बचाओ” रैली एवं धरना-सभा में कांग्रेस नेताओं, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। लोकतंत्र, संविधान और मताधिकार की रक्षा के संकल्प के साथ कांग्रेस नेताओं ने वोट चोरी एवं मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए जनता के एक-एक वोट की रक्षा के लिए संघर्ष तेज करने का आह्वान किया।

छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस प्रभारी का दायित्व संभालने के बाद सांसद सुखदेव भगत पहली बार कांकेर पहुंचे। प्रदेश प्रभारी बनने के पश्चात अपने प्रथम कांकेर प्रवास के लिए कांकेर का चयन किए जाने से जिले के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह रहा। उनके साथ प्रदेश के तीनों सचिव भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज सहित प्रदेश एवं जिले के अनेक वरिष्ठ कांग्रेस नेता शामिल हुए।

चारामा से कांकेर तक जगह-जगह भव्य स्वागत

प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के आगमन पर चारामा में बड़ी संख्या में कांग्रेसजनों ने जोरदार स्वागत किया। इसके बाद लखनपुरी, माकड़ी सहित मार्ग में विभिन्न स्थानों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नेताओं का अभिनंदन किया।

कांकेर माकड़ी पहुंचने पर अंतागढ़ विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं, युवा कांग्रेस एवं एनएसयूआई द्वारा जोरदार स्वागत करते हुए बाइक रैली के साथ वरिष्ठ नेताओं की अगुवाई की गई। वहां से काफिला घड़ी चौक पहुंचा, जहां गुंडाधुर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। यहां आदिवासी कांग्रेस, नरहरपुर ब्लॉक कांग्रेस एवं ग्रामीण ब्लॉक कांग्रेस द्वारा नेताओं का भव्य स्वागत किया गया।

इसके पश्चात ऊपर-नीचे रोड के समीप किसान कांग्रेस, महिला कांग्रेस एवं पार्टी के विभिन्न मोर्चा-प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत किया गया। मस्जिद चौक के समीप पारंपरिक मांदरी नृत्य के साथ शहर कांग्रेस, पार्षदगण एवं मुस्लिम समाज द्वारा अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया गया।

इसके बाद प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत, नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज की अगुवाई में कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं का विशाल काफिला सभा स्थल पुराना बस स्टैंड पहुंचा।

“वोट का अधिकार छीनने की किसी कोशिश को कांग्रेस सफल नहीं होने देगी” — सुखदेव भगत

सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रभारी एवं सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि लोकतंत्र की असली शक्ति देश की जनता और उसका वोट है। मतदाता के अधिकार और उसके मत की पवित्रता पर किसी प्रकार का सवाल खड़ा होता है तो उसकी निष्पक्ष जांच और जवाबदेही सुनिश्चित होना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस संविधान, लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के लिए पूरी मजबूती से खड़ी है। जनता के वोट के अधिकार से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जा सकता। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से इस लड़ाई को गांव, बूथ और घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।

“मतदाता का विश्वास ही लोकतंत्र की नींव, उसे कमजोर नहीं होने देंगे” — चरणदास महंत

नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि भारत का संविधान प्रत्येक नागरिक को अपने मत के माध्यम से सरकार चुनने का अधिकार देता है और यही अधिकार हमारे लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है। यदि मतदाता सूची, मतदान प्रक्रिया या जनता के मत को लेकर किसी प्रकार का संदेह पैदा होता है, तो उसका पारदर्शी और निष्पक्ष समाधान होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र केवल चुनाव कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि जनता के विश्वास और उसके मत की रक्षा करना भी उतना ही आवश्यक है। कांग्रेस संविधान द्वारा दिए गए अधिकारों की रक्षा के लिए सदैव जनता के साथ खड़ी रही है और आगे भी खड़ी रहेगी।

महंत ने कहा कि “एक मतदाता का एक वोट केवल मतपत्र या मशीन में दर्ज संख्या नहीं, बल्कि देश के भविष्य के लिए उसकी आवाज है। उस आवाज को कमजोर करने का कोई भी प्रयास लोकतंत्र को कमजोर करता है।” उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से संविधान और मताधिकार की रक्षा के इस अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने का आह्वान किया।

जनता का वोट लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत — भूपेश बघेल

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि लोकतंत्र में सरकारें जनता के वोट से बनती हैं और इसलिए प्रत्येक मतदाता के वोट का सम्मान एवं सुरक्षा सर्वोपरि है। वोट और मतदाता सूची से जुड़े सवालों पर पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित करना निर्वाचन व्यवस्था की जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की लड़ाई लगातार लड़ती आई है और आगे भी जनता के अधिकारों की आवाज मजबूती से उठाती रहेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से “वोट बचाओ, देश बचाओ” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

“एक-एक वोट की चौकीदारी करेगा कांग्रेस कार्यकर्ता” — दीपक बैज

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने अपने ऊर्जावान संबोधन में कहा कि यह संघर्ष किसी एक राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक मतदाता के लोकतांत्रिक अधिकार की रक्षा का संघर्ष है।

उन्होंने वोट चोरी एवं मतदाता सूची से जुड़ी गड़बड़ियों के मुद्दे पर सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस जवाबदेही और पारदर्शिता की मांग को लेकर अपना संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों की भूमिका पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच और जिम्मेदारी तय किए जाने की मांग की।

दीपक बैज ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि अब “लोकतंत्र बचाओ, वोट बचाओ, देश बचाओ” की आवाज कांकेर से निकलकर प्रत्येक गांव, प्रत्येक बूथ और प्रत्येक घर तक पहुंचनी चाहिए। कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता जनता के एक-एक वोट की रक्षा के लिए मजबूती से खड़ा रहेगा।

नारों के साथ निकला विशाल मार्च

धरना-सभा के बाद “लोकतंत्र बचाओ, वोट बचाओ, देश बचाओ” के नारों के साथ विशाल रैली एवं पैदल मार्च निकाला गया। इसमें जिलेभर से पहुंचे कांग्रेस नेताओं, जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

मार्च निर्धारित मार्ग से होते हुए कलेक्टोरेट स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा तक पहुंचा। यहां कांग्रेस नेताओं ने बाबा साहेब की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर लोकतंत्र एवं संविधान की रक्षा का संकल्प लिया। राष्ट्रगान के साथ विशाल मार्च का समापन हुआ।

जिलेभर से पहुंचे कांग्रेसजन

कार्यक्रम में प्रदेश प्रभारी एवं सांसद सुखदेव भगत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, फूलो देवी नेताम, राजेश तिवारी, सचिव एस. जरीता, लेटफ्लांग, विजय जांगिड़, संपत कुमार, संगीता सिन्हा, जनक ध्रुव, लेखराम साहू, सावित्री मनोज मंडावी, ओंकार साहू, गंगा पोटाई, कोको पाढ़ी, बिरेश ठाकुर, शंकर ध्रुवा, आनंद पवार, बसंत यादव, रूप सिंह पोटाई, सुभद्रा सलाम, सूर्यप्रकाश मलिक, पुरुषोत्तम पाटिल, जनक नंदन कश्यप, भौम सिंह नाग, नरेश ठाकुर, नवली मीना मंडावी, महामंत्री उदय प्रकाश शर्मा ‘बंटी’, हेमंत ध्रुव, गफ्फार मेमन, नंदकिशोर राठी, विश्राम गावड़े, राजेश भास्कर, रमेश पाण्डे ,मनोज जैन, मुन्ना इसहाक अहमद, तेंरेंद भानडरी, यासीन करानी, लोमेंद्र यादव, रोही दास शोरी, किशोर मरकाम,, अनिल दरों, इंद्र जीत विश्वास, बबला पाडी, धनेश नरेटी,सहित अनेक वरिष्ठ कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

इसके साथ ही जिले के समस्त मंडल अध्यक्ष, महिला कांग्रेस, सेवादल, आदिवासी कांग्रेस, किसान कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई सहित विभिन्न मोर्चा-प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, जिले के पार्षदगण, जिला पंचायत एवं जनपद पंचायत सदस्य, सरपंच, पंच, कांग्रेस कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।

कार्यक्रम के समापन पर बसंत यादव ने आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

अंत में वरिष्ठ कांग्रेस नेता राष्ट्रीय सदस्य राजेश तिवारी ने कांकेर की आम जनता का विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के लिए जिस उत्साह और बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता दर्ज कराई, उसने इस आंदोलन को नई ताकत दी है। उन्होंने जिलेभर से पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, विभिन्न मोर्चा-प्रकोष्ठों, सामाजिक संगठनों तथा प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से कार्यक्रम को सफल बनाने वाले सभी लोगों के प्रति धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।