हिचका गांव के लोगों ने पहली बार पास से देखा हेलीकॉप्टर, एयरपोर्ट प्रबंधन ने दी विशेष छूट


आर एस भटनागर

जगदलपुर। कोंडागांव जिले के केशकाल ब्लॉक के हिचका गांव के लोगों ने मंगलवार को पहली बार पास से हेलीकॉप्टर देखा। गांव के लोग बस्तर दशहरा में शामिल होने के लिए जगदलपुर आये थे। गांव के लोगों ने पहले हेलीकॉप्टर को सिर्फ हवा में उड़ते हुए देखा था। ऐसे में गांव के लोग एयरपोर्ट पहुंच गये। ग्रामीणों के उत्साह को देखते हुए एयरपोर्ट प्रबंधन ने भी लोगों को पास से हेलीकॉप्टर देखने की अनुमति दे दी।

इसके बाद तो ग्रामीणों की खुशी का ठिकाना ही नहीं रहा। गांव के लोगों ने एयरपोर्ट के अंदर से बकायदा हेलीकॉप्टर देखा। हिचका निवासी मनीषा ने बताया कि वे सभी बस्तर दशहरा की रस्म में शामिल होने यहां पहुंचे, केशकाल इलाके के अंदरुनी गांव हिचका के आदिवासी दल-बल के साथ एयरपोर्ट पहुंचे और हेलीकॉप्टरों को लैंडिंग और टेकऑफ करते देख अचरज में दिखे।

भीड़ में छोटे बच्चे भी थे, जिनके चेहरे पर कौतुहल दिख रहा था, सुमित्रा मंडावी ने बताया कि भीड़ में शामिल आदिवासियों की सादगी और अज्ञानता की बानगी यह दिखी कि एयरपोर्ट पहुंचकर हेलीकॉप्टर और विमान देखने के दौरान जब महिलाओं से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि वे रेलवे स्टेशन आए हैं, ताकि विमान देख सकें।

देवनारायण सलाम ने बताया कि बस्तर दशहरा की रस्मों में शामिल होने के बीच जब समय मिला तो सभी लोग एयरपोर्ट पहुंचे और उनके आग्रह को देखते हुए एयरपोर्ट प्रबंधन ने भी उन्हें विमान देखने की अनुमति दे दी। छोटे बच्चे हेलीकॉप्टर देख काफी खुश नजर आ रहे थे।

Express MPCG