
आर एस भटनागर
जगदलपुर। विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस प्रचार में उतर चुकी है। ऐेसे में प्रचार की व्यवस्था को देखने के लिए अब बड़े नेताओं के आने का सिलसिला भी शुरू हो गया है। मंगलवार को कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा, पीसीसी के महामंत्री मलकीत सिंह गैदू, सहप्रभारी डॉ चंदन यादव, संयुक्त सचिव विजय जांगिड़ हेलीकॉप्टर से जगदलपुर पहुंचे।
यहां पहुंचने के बाद कांग्रेसियों ने उनका एयरपोर्ट में स्वागत किया। इसके बाद सभी नेता कांग्रेस भवन पहुंचे। यहां शहर जिला कांग्रेस कार्यकारिणी के समस्त पदाधिकारी, ब्लॉक कमेटियों, जोन, सेक्टर, बूथ प्रभारियों, पार्षद दल सहित युकां व एनएसयूआई की बैठक ली गई। इस दौरान कार्यकर्ताओं से प्रचार अभियान के संबंध में नेताओं ने जानकारी ली।
इसके बाद बैठक को संबोधित करते हुए प्रभारी कुमारी शैलजा ने कार्यकर्ताओं से कहा कि सेक्टर, जोन व बूथ मजबूत होगा तो हमारा प्रत्याशी मजबूत होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि कांग्रेस सरकार की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने में सफल रही है। इन्हीं नीतियों की वजह से छत्तीसगढ़ सरकार को जनता भरोसे की सरकार कहती है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता शहर जिलाध्यक्ष सुशील मौर्य ने की। वहीं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव व छत्तीसगढ़ सहप्रभारी डॉ चंदन यादव, संयुक्त सचिव विजय जांगिड़ ने भी बैठक को संबोधित किया।
बैठक में जिला प्रभारी शक़ील रिज़वी, विधानसभा प्रभारी फतेह सिंह परिहार, क्रेडा अध्यक्ष मिथलेश स्वर्णकार, महापौर सफिरा साहू, निगम अध्यक्ष कविता साहू, शहर जिला कांग्रेस कार्यकारिणी के समस्त पदाधिकारी, ब्लॉक कमेटियों, जोन, सेक्टर, बूथ प्रभारियों, पार्षद दल सहित युकां व एनएसयूआई कार्यकर्ता व बड़ी संख्या में उपस्थित रहें।
