केटीएम में सवार होकर बाइक को दौड़ा रहे थे, पेड़ से टकाराए, मौके पर मौत, रातभर सड़क पर पड़ा रहा शव


आर एस भटनागर

जगदलपुर। शहर के धरमपुरा मार्ग में पल्ली नाका के पास सोमवार-मंगलवार की दरम्यानी रात हुए सड़क हादसे में दो युवको की मौत हो गई है। हादसे के बाद दोनों युवकों के शव रातभर सड़क किनारे ही पड़ रहे। सुबह मार्निग वॉक पर निकले लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी।

इसके बाद शवों को मौके से उठाया गया। पुलिस अफसरों के अनुसार पल्ली नाका फारेस्ट डिपो के पास कुछ लोगों ने फोन पर सूचना दी कि एक केटीएम बाइक दुर्घटनाग्रस्त पड़ी हुई है और पास में दो लोग भी पड़े हुए है। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जब दोनों युवकों को देखा तो उन्होंने दम तोड़ दिया था।

अफसरों ने कहा कि अंदेशा है कि दोनों केटीएम बाइक में सवार थे और गाड़ी को तेज रफ्तार दौड़ा रहे थे। इस दौरान ये पेड़ में जा घुसे और दोनों की मौके पर मौत हो गई। चूंकि जिस स्थान पर हादसा हुआ है, वहां अंधेरा है। ऐसे में रात में किसी भी राहगीर की नजर इन पर नहीं पड़ी और दोनों के शव रातभर सड़क पर ही पड़े रह गए। इधर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को तत्काल उठाकर पीएम के लिए भिजवाया है और मामले में मर्ग कायम कर जांच किया जा रहा है।

इधर हादसे के बाद दोनों युवकों की पहचान के लिए पुलिस ने इनके कपड़ों की तलाशी ली तो इनके जेब से मोबाइल मिले, लेकिन बैटरी लो होने के कारण मोबाइल बंद हो गये थे।

इसके अलावा इनकी जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर एक युवक की पहचान हेमंत जोसफ केरकेट्टा पिता एम केरकेटा 20 वर्ष निवासी बीजापुर भट्टीपारा के तौर पर कि गई है, जबकि दूसरे युवक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। फिलहाल पुलिस ने जिस युवक की शिनाख्त हो गई है, उस युवक के परिजनों को सूचना दे दी है।

Express MPCG