
आर एस भटनागर
जगदलपुर। शहर से लगे ग्राम तितिरगांव स्थित नेताजी सुभाषचंद्र बोस क्रिकेट मैदान में ओडिशा, जम्मू कश्मीर व छत्तीसगढ़ के बीच ट्वेंटी-ट्वेंटी क्रिकेट का आयोजन मंगलवार से शुरू हुआ। इस दौरान पहला मुकाबला छत्तीसगढ़ व जम्मू कश्मीर के बीच हुआ, जिसमें छत्तीसगढ़ की टीम ने आसानी से लक्ष्य हासिल करते हुए जीत हासिल कर ली है।
बताया जाता है कि जम्मू कश्मीर ने पहले टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। इसके बाद कप्तान वसीम राठौर व मुनीब भट्ट ने पारी की शुरूआत की। वसीम छत्तीसगढ़ के तेज गेंदबाज अनस की गेंद पर रूद्र के हाथों कैच आउट होकर लौट गए। इसके बाद अगले ओवर में मुनीब भी जयंत की गेंद का शिकार हो गए।
वशिष्ठ व अनमोल ने पारी को आगे बढ़ाने का प्रयास करते हुए टीम का स्कोर 33 रनों तक पहुंचाया, जिसमें वशिष्ठ ने 13 रन और अनमोल ने 15 रन बनाकर पलाश की गेंद का शिकार बने। जम्मू कश्मीर की टीम 14 ओवरों में 59 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। छत्तीसगढ़ के पलाश, रूद्रप्रताप व आलोक राठौर ने 2-2 विकेट लिए।
इधर लक्ष्य का पीछा करने उतरी छत्तीसगढ़ की टीम ने केवल 4 ओवर में ही 60 रनों का आसान लक्ष्य हासिल कर लिया। इसमें संयम ने जहां 1 रन बनाए और जम्मू-कश्मीर के राहुल शर्मा की गेंद का शिकार बने, वहीं अनस ने 14 गेंदों में 36 रनों की पारी खेली, जबकि कप्तान कौशलेंद्र 13 रन और जहानुद्दीन ने 11 रनों की नाबाद पारी खेली।
इधर जम्मू कश्मीर के राहुल शर्मा व अहमद ने 1-1 विकेट लिए। मैन ऑफ दि मैच छत्तीसगढ़ अनस खान रहे। कल ओडिशा बनाम जम्मू कश्मीर के बीच मैच खेला जाएगा।
