फागु यादव
जिला मुख्यालय कोंडागांव अंतर्गत चिखलपुटी स्थित रक्षित पुलिस लाइन में 21 अक्टूबर को प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी देश की रक्षा करते हुए प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों के सम्मान में पुलिस स्मृति दिवस मनाया गया है। वहीं इस कार्यक्रम में मुख्यरूप से कोंडागांव कलेक्टर दीपक सोनी एवं पुलिस अधीक्षक वाय अक्षय कुमार शामिल हुए। कार्यक्रम के संबंध में पुलिस अधीक्षक वाय अक्षय कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि शहीद स्मृति दिवस का आयोजन पिछले 58 सालों से देश की हर राज्य जिला मुख्यालय में शहादत देने वाले पुलिस कर्मियों को श्रद्धांजलि देने हेतु मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में कोंडागांव जिला मुख्यालय में भी पुलिस स्मृति दिवस का आयोजन रखा गया। इस अवसर पर कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा शहीद स्मारक में पुष्प अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। तत्पश्चात शहिद के परिवारों को शाल एवं श्रीफल देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान पुलिस के जवानों ने परेड करते हुए गार्ड ऑफ ऑनर के साथ अपने शहीद साथियों को याद किया।
