जनता के आशीर्वाद व देवतुल्य कार्यकर्ताओं की मेहनत से खिलेगा कमल – केदार कश्यप* = नारायणपुर विधानसभा के सुदूर क्षेत्रों में पहुंचे केदार कश्यप

आर एस भटनागर

जगदलपुर– विधानसभा चुनाव की तारीख़ की घोषणा के बाद राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो रही हैं। विधायक बनने भाग्य आजमा रहे प्रत्याशी जनता के बीच पहुंचने लगे हैं। नारायणपुर विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 84 से भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी पूर्व मंत्री और भाजपा प्रदेश महामंत्री केदार कश्यप ने मंगलवार को दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में जनसंपर्क किया ।

विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान 7 नवंबर को होना है। प्रचार प्रसार के लिये प्रत्याशियों के समक्ष गिनती के दिन ही है। सभी क्षेत्रों में पहुँचने प्रत्याशी कड़ी मेहनत कर रहे हैं। भाजपा प्रत्याशी केदार कश्यप ने बेनूर , सिरपुर , पानीगांव , मातला, कलेपाल, तुरंडा, दंडवन, बागझर , कोरेंडा, नेतानार, भीरागांव , छेरीबेड़ा एवं खरगांव में दस्तक दी और ग्रामीणों से संपर्क साधा।

श्री कश्यप ने कहा कि पिछले 5 साल के कांग्रेस के कुशासन को उखाड़ फेंकने का समय आ गया है,कांग्रेस की घोटालेबाज और झूठ बोलने वाली सरकार को विदाई देनी है। श्री कश्यप ने कहा कि कांग्रेस का कथित विकास सिर्फ बड़बोले बयानों व बैनर पोस्टर में ही दिखता है। छत्तीसगढ़ की विकास की गति को रोकने का काम कांग्रेस ने किया है।

श्री कश्यप ने आह्वान किया कि नारायणपुर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस सरकार के कारण , जो विकास की गति थम गई है , उसे पुनः तेज करने के लिए भाजपा कटिबद्ध है। जनता के आशीर्वाद व कार्यकर्ताओं की मेहनत से बस्तर संभाग सहित समूचे छत्तीसगढ़ में भाजपा जीत का परचम लहरायेगी।

Express MPCG