
भरत भारद्वाज
कोंडागाँव – कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी दीपक सोनी तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं स्वीप नोडल अधिकारी प्रेमप्रकाश शर्मा एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी सीमा ठाकुर के मार्गदर्शन मे सम्पूर्ण कोण्डागांव जिले में चल रहे मतदाता जागरूकता अभियान स्वीप कार्यक्रम के तहत स्थानीय साप्ताहिक बुधवारी बाजार में गांव-गांव से पहुंचे ग्रामीणों के बीच स्वीप कार्यक्रम चलाया गया। इस बाजार में पहुंचे सब्जी भाजी विक्रेता, मनिहारी दुकान, बर्तन दुकान, जूता चप्पल दुकान जैसे अनेकों गांव शहर से पहुंचे ग्रामीणों को आने वाले चुनावों में शत प्रतिशत मतदान करने के लिए जागरूक किया गया साथ ही बाजार में विभिन्न वस्तुओं को खरीदने पहुंचे खरीददारों को भी इस अभियान से जोड़कर उन्हें ज्यादा से ज्यादा मतदान करने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर शिक्षक टी ऐंकट राव ने बताया कि इस साप्ताहिक बाजार मे हर वर्ग एवं हर उम्र के मतदाता इस मतदाता जागरूकता अभियान से अपने आप को जोड़कर उत्साहित नजर आ रहे थे साथ ही दूर दराज से आए ग्रामीणजनों ने इस अभियान को अपने अपने गांव मोहल्ले में चलाकर शत प्रतिशत मतदान के लिए लोगो को प्रेरित करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर शिक्षक टी.ऐंकट राव, अशोक साहू, नरेश ठाकुर, विभिन्न दुकानों के संचालक, ग्राहक एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
