वाहन चालकों के लापरवाही से केशकाल घाट में रोज लग रहा जाम, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालको पर किया जुर्माना ।

भरत भारद्वाज ✍️
कोंडागांव :- नेशनल हाइवे 30 केशकाल घाटी में पिछले कुछ दिनों से वाहन चालकों की लापरवाही के चलते आए दिन लग रहे जाम के कारण आवागमन काफी प्रभावित हुआ है।
ऐसे में स्थानीय प्राशासन व पुलिस ने लापरवाह वाहन चालकों के खिलाफ कार्यवाही शुरू कर दी है। शुक्रवार देर शाम एसडीएम शंकरलाल सिन्हा, एसडीओपी भूपत सिंह व थाना प्रभारी विनोद साहू की मौजूदगी में पुलिस ने यातायात नियमों का उलंघन करने वाले दर्जनों वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्यवाही की है इससे पहले जब घाटी में किसी प्रकार की बड़ी दुर्घटना होती थी अथवा कोई वाहन सड़क पर खराब हो जाता था, तब जाकर घाटी में जाम लगता था। लेकिन घाटी में पिछले एक सप्ताह में लगभग 5 दिन घाट में बेवजह जाम लगा है। केवल बड़े वाहन चालकों द्वारा ओवरटेकिंग करने व तेज रफ्तार से वाहन चलाने के कारण घाट में जाम की स्थिति निर्मित हुई है। जिसके कारण पुलिस को रात रात भर जागकर जाम खुलवाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी है।
इस दौरान केशकाल एसडीओपी भूपत सिंह ने बताया कि घाट में लगातार लग रहे जाम के मद्देनजर कलेक्टर व एसपी महोदय के निर्देशन पर आज केशकाल घाट के मोड़ क्रमांक 6 में केशकाल एसडीएम शंकरलाल सिन्हा की मौजूदगी में चेकपोस्ट लगाकर चलानी कार्यवाही करते हुए यातायात के नियमों का उलंघन करते पाए जाने वाले वाहन चालकों पर नियमानुसार चालानी कार्यवाही की गई है। साथ ही उन्हें यातायात के नियमों का पालन करने की समझाइश भी दी गई है। भविष्य में भी केशकाल पुलिस की इस प्रकार की कार्यवाही जारी रहेगी।
