*रक्षाबंधन के साथ “साइबर सुरक्षा बंधन” मनाने का संदेश — ‘जागरूकता की राखी’ संग सेल्फी लेकर अपनों को साइबर सुरक्षित बनाने की अपील।*

विनोद जैन

 

बालोद। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर बालोद पुलिस द्वारा नारी सम्मान, सामाजिक सुरक्षा, नशामुक्ति एवं साइबर जागरूकता का संदेश देते हुए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पद्मश्री शमशाद बेगम, अध्यक्ष, सहयोगी जन कल्याण समिति, जिले की महिला कमांडो, ब्रह्माकुमारीज तथा पुलिस विभाग की महिला अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा पुलिस अधीक्षक श्री किरण गंगाराम चव्हाण (भा.पु.से.) समेत पुलिस विभाग के समस्त अधिकारी-कर्मचारी भाइयों को रक्षा सूत्र बांधकर रक्षाबंधन पर्व मनाया गया।

इस अवसर पर नारी शक्ति की समाज में अहम भूमिका पर प्रकाश डालते हुए परिवार एवं समाज की सुरक्षा, जागरूकता तथा सकारात्मक बदलाव में महिलाओं की सक्रिय सहभागिता को महत्वपूर्ण बताया गया। महिलाओं की जागरूकता एवं सशक्त भागीदारी से समाज को अधिक सुरक्षित एवं संवेदनशील बनाने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में एसडीओपी श्री विनय कुमार, डीएसपी श्रीमती माया शर्मा, डीएसपी श्रीमती श्रुति चक्रवर्ती, रक्षित निरीक्षक श्रीमती रेवती वर्मा, थाना बालोद कोतवाली प्रभारी श्री शिशुपाल सिन्हा एवं साइबर सेल प्रभारी श्री धरम भूआर्य सहित पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस मौके पर युवा भाइयों से अपील की गई कि वे अपनी बहनों की सुरक्षा के साथ-साथ समाज के प्रति अपने सामाजिक दायित्वों एवं जिम्मेदारियों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करें। युवाओं से नशे से दूर रहने, सकारात्मक सोच अपनाने एवं सामाजिक चेतना के साथ बेहतर और सुरक्षित समाज के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया गया।
“साइबर जागृति अभियान” के अंतर्गत रक्षाबंधन के साथ “साइबर सुरक्षा बंधन” मनाने का संदेश दिया गया। उपस्थित लोगों द्वारा ‘जागरूकता की राखी’ के साथ सेल्फी लेकर साइबर अपराधों के प्रति स्वयं जागरूक रहने तथा अपने परिवार एवं अपनों को भी साइबर सुरक्षित बनाने की अपील की गई।

आमजन से अपील की गई कि अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक, OTP, PIN, पासवर्ड एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करें। साइबर ठगी होने की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।