भानुप्रतापपुर,रिपुदमन सिंह बैस
भानुप्रतापपुर क्षेत्र के ग्राम चौगेल (मुल्ला) स्थित नक्सल पुनर्वास केंद्र में रह रहे आत्मसमर्पित माओवादियों ने जिला रिजर्व गार्ड (DRG) के जवानों की कलाई पर राखी बांधकर रक्षाबंधन का पर्व मनाया। कभी जिन जवानों और माओवादियों के बीच जंगलों में संघर्ष की स्थिति बनी रहती थी, आज उसी रिश्ते में विश्वास, भाईचारे और अपनत्व का भाव देखने मिला। केंद्र मे रह रही आत्मसमर्थित माओवादी महिलाओं ने मुख्यमंत्री कौशल विकास प्रशिक्षण के माध्यम से राखी बनाना सीखा और आज उन्हीं हाथों से तैयार की गई राखी पुलिस परिवार के जवानों की कलाई पर बांध कर रक्षा बंधन के पर्व को बेहद खास बनाया।
पुनर्वास केंद्र में आत्मसमर्पित माओवादियों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के साथ-साथ स्वावलंबी बनाने के लिए विभिन्न कौशलों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यहां उन्हें सिलाई, काष्ठ शिल्प कला, राखी निर्माण सहित अन्य रोजगारपरक गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।ताकि आत्मसमर्पण के बाद वे अपने हुनर के माध्यम से सम्मानपूर्वक आजीविका चला सकें और अपने परिवार के साथ सामान्य जीवन व्यतीत कर सकें।
