विनोद जैन 
बालोद। नगर पालिका क्षेत्र अंतर्गत पाररास रेलवे फाटक से लोहारा तक लगभग 16 किलोमीटर सड़क की बदहाल स्थिति इन दिनों राहगीरों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं, सड़के धंस चुकी है जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है और दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से सड़क की स्थिति खराब है, लेकिन अब तक इसके स्थायी समाधान की दिशा में पर्याप्त पहल नहीं हुई है। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क की स्थिति और भी खराब हो जाती है तथा वाहन चालकों को गड्ढों का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है।
क्षेत्रवासियों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से पाररास से लोहारा तक सड़क का जल्द डामरीकरण कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यह मार्ग क्षेत्र के आवागमन के लिए महत्वपूर्ण है, इसलिए इसकी मरम्मत के बजाय गुणवत्तापूर्ण डामरीकरण कर सड़क को बेहतर बनाया जाना चाहिए।
लोगों ने उम्मीद जताई है कि उनकी समस्या को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग जल्द सड़क का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करेगा, ताकि राहगीरों और वाहन चालकों को राहत मिल सके।
