*अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद कोंडागांव की पहल: निशुल्क सैन्य प्रशिक्षण ले रही युवतियों ने 29वीं वाहिनी आईटीबीपी के जवानों को बांधा रक्षासूत्र, मनाया रक्षाबंधन का पर्व*

यजुवेन्द्र सिंह ठाकुर


दिनांक 27 अगस्त 2026 को अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, कोंडागांव द्वारा संचालित नि:शुल्क सैन्य प्रशिक्षण शिविर की प्रशिक्षार्थी युवतियों ने विकास नगर स्टेडियम में 29वीं वाहिनी आईटीबीपी (ITBP) के जवानों को रक्षासूत्र (राखी) बांधकर हर्षोल्लास के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाया l घर-परिवार से दूर देश की सीमाओं और आंतरिक सुरक्षा में तैनात जवानों के सम्मान में अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद कोंडागांव द्वारा इस विशेष कार्यक्रम का आयोजन कर ​जवानों के त्याग और समर्पण को नमन किया गया l
कार्यक्रम के दौरान बस्तर संभाग प्रभारी सुब्रत साहा ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि सुरक्षा बलों के जवान अपने कर्तव्य का पालन करने के लिए सीमाओं पर डटे रहते हैं। वे हर त्योहार पर अपने परिवार से दूर रहते हैं और अपनों के बीच शामिल नहीं हो पाते। अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद कोंडागांव का यह छोटा सा प्रयास है कि त्यौहार के अवसर पर जवानों को अपनेपन का एहसास कराया जा सके। युवतियों से रक्षासूत्र बंधवाने के बाद 29 बटालियन ITBP के जवानों ने अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद और सभी बालिकाओं का आभार व्यक्त किया। जवानों ने भी युवतियों को सुरक्षा का वचन देने के साथ-साथ उनके सैन्य व पुलिस सेवा में चयनित होने के सपने को पूरा करने के लिए शुभकामनाएं दीं। वहीं, परिषद के जिला अध्यक्ष सूरज यादव ने अपना कीमती समय निकालकर इस आयोजन को सफल बनाने के लिए ITBP के जवानों का धन्यवाद ज्ञापित किया। ​अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, कोंडागांव द्वारा युवाओं (विशेषकर युवतियों) को सेना व सुरक्षा बलों में भर्ती के लिए दिया जा रहा निःशुल्क शारीरिक एवं मानसिक प्रशिक्षण कोंडागांव जिला के लिए एक मिसाल है। ​विकास नगर स्टेडियम में 29वीं वाहिनी ITBP (भारत-तिब्बत सीमा पुलिस) के जवानों के साथ रक्षाबंधन मनाने का यह आयोजन न केवल देश के रक्षकों के प्रति सम्मान व्यक्त करता है, बल्कि प्रशिक्षण ले रही युवतियों के मनोबल और देशभक्ति की भावना को भी बढ़ाता है। इस दौरान अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद कोंडागांव के संरक्षक एवं बस्तर संभाग प्रभारी सुब्रत साहा, जिला अध्यक्ष सूरज यादव, उपाध्यक्ष अजनेर लकड़ा, सह सचिव रवि ठाकुर, मीडिया प्रभारी कमलेश्वर ध्रुव, सदस्य रतिराम सोरी, श्रीकांत तिवारी, राकेश धीवर और निशुल्क सैन्य प्रशिक्षण लेने वाले युवक एवं युवतियां उपस्थित रहे l