यजुवेन्द्र सिंह ठाकुर

कांकेर- छत्तीसगढ़ शिक्षक संघर्ष मोर्चा ने शिक्षकों के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए 25 अगस्त को राज्य के सभी जिला मुख्यालयों में टेट मुक्ति रैली निकलने का निर्णय लिया है। उल्लेखनीय हो कि प्रदेश में शिक्षकों के सबसे बड़े तीन संगठनों छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन के प्रांताध्यक्ष संजय शर्मा,शालेय शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र दुबे,प्रदेश संयुक्त शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष केदार जैन ने प्रदेश के शिक्षकों के हितों को ध्यान में रखते हुए एकजुट होकर छत्तीसगढ़ शिक्षक संघर्ष मोर्चा का गठन किया है। मोर्चा द्वारा लिये गये निर्णय के तारतम्य में कांकेर जिले के समस्त शिक्षक जिला मुख्यालय कांकेर के नया बस स्टैंड स्थित बाजार डोम में एकत्र होकर धरना प्रदर्शन पश्चात टेट मुक्ति रैली निकाल कर मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को अपना ज्ञापन सौंपेंगे।मोर्चा के प्रदेश सह संचालक हेमेंद्र साहसी,वाजिद खान,राजेश शर्मा,जिला संचालक स्वदेश शुक्ला, नंदकुमार अटभैया,अशोक गोटे,जिला सहसंचालक संतोष जायसवाल, रंजीत कर,अशोक मृधा ने जिले के समस्त शिक्षकों से आंदोलन में शामिल होने की अपील की है।आंदोलन में शिक्षकों को सेवा सुरक्षा और पदोन्नति के लिए टेट अनिवार्यता से राहत देने की मांग की जाएगी।पुरानी सेवा अवधि को जोड़ते हुए पूर्ण पेंशन और अन्य हित लाभ देने,राज्य के शिक्षकों की वेतन विसंगति दूर कर केंद्रीय वेतनमान का लाभ देने 13 फरवरी 2026 के भर्ती व पदोन्नति नियमों में शिक्षकों के हित में आवश्यक संशोधन करने की मांग की जाएगी। इसके अलावा सेवा सुरक्षा और पदोन्नति के लिए ब्रिज कोर्स के माध्यम से बीएड कराने की मांग की जाएगी।मोर्चा ने बताया कि इसके पहले भी उन्होंने संविलियन और पुरानी पेंशन योजना जैसी बड़ी मांगों को पूरा कराया है,इसलिए प्रदेश के शिक्षकों का भरोसा शिक्षक मोर्चा पर है।मोर्चा के संचालकों ने जिले के समस्त शिक्षकों से बड़ी संख्या में जिला मुख्यालय कांकेर में आयोजित टेट मुक्ति रैली में शामिल होने की अपील की है।
