​ *12 लाख की लागत से बन रहा आंगनबाड़ी भवन अब भी अधूरा क्योँ,,, पालिका दे जवाब या करे कार्यवाही ???*

विनोद जैन

​बालोद। शहर के संजय नगर, वार्ड क्रमांक-02 में निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्र भवन की स्थिति को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता उमेश कुमार सेन ने निर्माण कार्य की समय-सीमा, प्रगति, भुगतान, गुणवत्ता और विभागीय निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
​मौके पर स्थापित “नागरिक सूचना पटल” के अनुसार यह कार्य “आंगनबाड़ी केंद्र भवन निर्माण, संजय नगर बालोद, वार्ड क्र. 02” के नाम से दर्ज है। पटल पर अनुबंध क्रमांक 52/01, दिनांक 13.02.2026, लागत राशि ₹12 लाख तथा कार्य पूर्णता समयावधि 5 माह अंकित है। अनुबंध की शर्तों और तिथि की गणना के आधार पर यह निर्माण कार्य 13 जुलाई 2026 तक पूर्ण हो जाना चाहिए था, किंतु अगस्त 2026 तक भी भवन अधूरा पड़ा है।
​उमेश कुमार सेन ने प्रशासन से स्पष्टीकरण मांगते हुए कहा कि जनता के पैसों से बनने वाली यह सार्वजनिक सुविधा बच्चों और महिलाओं के कल्याण से जुड़ी है, इसलिए इसमें लेटलतीफी और लापरवाही कतई स्वीकार्य नहीं हो सकती।

क्या 5 माह की मूल समय-सीमा समाप्त होने से पहले ठेकेदार ने नियमानुसार समय-वृद्धि का आवेदन दिया था? यदि हां, तो सक्षम अधिकारी ने कितने समय की स्वीकृति किस तकनीकी कारण से दी?
*​अनुबंध व पेनाल्टी प्रावधान:*
यदि निर्माण में विलंब ठेकेदार की लापरवाही से हुआ है, तो क्या अनुबंध की शर्तों के तहत पेनाल्टी अथवा क्षतिपूर्ति का प्रावधान लागू किया गया?
​भुगतान और वास्तविक प्रगति: ₹12 लाख की कुल लागत में से अब तक कितना भुगतान हुआ है और क्या यह भुगतान माप पुस्तिका (MB) में दर्ज वास्तविक भौतिक प्रगति के अनुपात में ही किया गया है?
​तकनीकी गुणवत्ता की जांच: क्या सीमेंट, सरिया, ईंट और कंक्रीट का उपयोग स्वीकृत BOQ/प्राक्कलन के अनुसार हुआ है और क्या इसकी गुणवत्ता परीक्षण रिपोर्ट उपलब्ध है?
​पारदर्शिता व सूचना पटल: यदि कार्य की समय-सीमा बढ़ाई गई है, तो क्या नागरिकों की जानकारी के लिए संशोधित तिथि को सूचना पटल पर अद्यतन करने का नियम लागू होता है?
उमेश कुमार सेन ने स्पष्ट किया कि यह मामला किसी पर व्यक्तिगत आरोप लगाने का नहीं, बल्कि निर्माण कार्य में पारदर्शिता और जवाबदेही तय करने का है। बालोद नगर पालिका को निर्माण से जुड़े वैध दस्तावेज, समय-वृद्धि आदेश और माप पुस्तिका का विवरण सार्वजनिक करना चाहिए ताकि जनता को स्थिति की सटीक जानकारी मिल सके।