*झलमला: एनएच 930 चौड़ीकरण के विरोध में ग्रामीणों ने उप मुख्यमंत्री अरुण साव व सांसद भोजराज नाग को सौंपा ज्ञापन*

विनोद जैन

बालोद – नेशनल हाइवे सड़क क्रमांक 930 धमतरी मार्ग के चौड़ीकरण को लेकर झलमला कस्बे में विरोध और चिंता के स्वर तेज हो गए हैं। सड़क चौड़ीकरण की मौजूदा योजना से झलमला कस्बे के कई पक्के मकानों, दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के ध्वस्त होने तथा घनी आबादी के बुरी तरह प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।
कस्बे को उजाड़ने से बचाने और जनहित में सड़क के संरेखण (अलाइनमेंट) में बदलाव की मांग को लेकर झलमला के सरपंच एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण जनों ने एकजुट होकर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण विभाग (PWD) मंत्री श्री अरुण साव तथा कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री भोजराज नाग को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में प्रमुख मांगें और ग्रामीणों की चिंताएं:
आवास और आजीविका पर संकट: ग्रामीणों ने ज्ञापन के माध्यम से मंत्रियों को अवगत कराया कि यदि एनएच 930 का मौजूदा नक्शे के आधार पर चौड़ीकरण किया जाता है, तो सैकड़ों परिवारों के बेघर होने और व्यापारियों का रोजगार छिनने की स्थिति बन जाएगी।
वैकल्पिक मार्ग या बाईपास का सुझाव: सरपंच, पंच गण और ग्रामीणों ने ज्ञापन में आग्रह किया है कि डिवाइडर के बीचों बीच नाप कर दोनों तरफ चौड़ा किया जाए।
घनी आबादी और कस्बे के मुख्य भाग को प्रभावित होने से बचाने के लिए सड़क का अलाइनमेंट बदला जाए या झलमला कस्बे से बाहर वैकल्पिक बाईपास का निर्माण कराया जाए। अगर ग्रामीणों की मांगों पर कोई समाधान नहीं किया गया तो आने वाले समय पर नेशनल हाईवे जाम कर कड़ा विरोध दर्ज किया जाएगा।
जनहित में पुनरीक्षण की अपील: ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अधिकारियों को निर्देशित कर सर्वे का पुनरीक्षण कराने की मांग की है, ताकि विकास कार्य भी न रुके और स्थानीय निवासियों को नुकसान भी न पहुंचे।
नेताओं ने दिया आश्वासन
ज्ञापन प्राप्त करते हुए माननीय उप मुख्यमंत्री अरुण साव और सांसद भोजराज नाग ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया है कि वे इस विषय में संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं एनएचएआई के साथ चर्चा कर जनहित में उचित और व्यावहारिक समाधान निकालने का प्रयास करेंगे।
ज्ञापन सौंपने के दौरान झलमला पंचायत के जनप्रतिनिधि थान सिंह ठाकुर, भाजपा नेता पालक ठाकुर, आदित्य दुबे, रामप्रसाद साहू, कोमल साहू ,आशीष साहू, प्यारे लाल कौशिक , नूतन तिवारी, राम गुलालसाहू, कोमल साहू, रमेश साहू, खिलावन साहू, मनीष साहू, महेश्वर आदिल, स्थानीय व्यापारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित रहे।