*बस्तर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: जुए के फड़ पर मारा छापा, 12 जुआरी रंगे हाथों गिरफ्तार* *नगदी, 12 मोबाइल और 3 बाइकों सहित 5.36 लाख रुपये का माल जब्त*

चंद्रहास वैष्णव

बस्तर जिले में असामाजिक तत्वों और अवैध जुआ-सट्टा के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में बोधघाट थाना पुलिस और पैंथर टीम ने एक संयुक्त कार्रवाई करते हुए आकाश नगर इलाके में चल रहे जुए के बड़े फड़ का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने घेराबंदी कर 12 जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है, जिनके पास से नगदी, वाहन और मोबाइल समेत कुल 5,36,080 रुपये (पांच लाख छत्तीस हजार अस्सी रुपये) का माल जब्त किया गया है।

*मुखबिर की सूचना पर रात में दी गई दबिश*
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 1 अगस्त की रात बोधघाट थाना पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि आकाश नगर चौक और आकाश नगर स्थित पानी टंकी के पास कुछ लोग बड़े पैमाने पर जुआ खेल रहे हैं।
सूचना की तस्दीक होने पर पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा, एएसपी सुखनन्दन राठौर और सीएसपी सुमित कुमार धोत्रे के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम का गठन किया गया। थाना प्रभारी (प्रशिक्षु डीएसपी) सुमित चंद्रा के नेतृत्व में बोधघाट पुलिस और पैंथर टीम (01 व 02) ने मौके पर अचानक दबिश दी। पुलिस टीम को देखकर जुआरियों में हड़कंप मच गया और उन्होंने भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद जवानों ने घेराबंदी कर सभी 12 आरोपियों को दबोच लिया।

*फड़ से यह सामग्री हुई बरामद*
पुलिस ने मौके पर जब जुआरियों की तलाशी ली, तो उनके पास से दांव पर लगी और निजी नगद राशि मिलाकर कुल 44,080 रुपये नकद बरामद हुए। इसके अलावा मौके से:
12 नग चालू मोबाइल फोन,03 दोपहिया वाहन (01 बुलेट, 01 पल्सर एन.एस. और 01 एक्टिवा),ताश के 52 पत्तों के 02 सेट और 02 नग दरी जब्त की गई है।
जब्त किए गए संपूर्ण माल की अनुमानित कीमत 5 लाख 36 हजार 80 रुपये आंकी गई है।

*सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज*
पकड़े गए सभी आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने सार्वजनिक जुआ अधिनियम (Public Gambling Act) की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की आगे की विवेचना कर रही है ताकि इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और मुख्य सरगना का पता लगाया जा सके।

*गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम:*
अशोक पाठक (32 वर्ष,शांतिनगर),मुकेश हिडमा (26 वर्ष,आकाश नगर),अभिषेक दास (30 वर्ष,शांतिनगर),शौर्य बघेल (35 वर्ष,राजीव गांधी वार्ड),विशाल साव (28 वर्ष,राजीव गांधी वार्ड),शालेम कुमार (24 वर्ष,शांति नगर),राहूल गुप्ता (21 वर्ष,आकाश नगर),भरत सिंग (28 वर्ष,राजीव गांधी वार्ड),निखिल कुमार (30 वर्ष,शांतिनगर),रितिश नाथ (29 वर्ष,शांतिनगर),आकाश साव (30 वर्ष,राजीव गांधी वार्ड),विवेक साव (23 वर्ष,राजीव गांधी वार्ड)

*इनकी रही अहम भूमिका*
इस सफल रेड कार्रवाई में थाना प्रभारी (प्रशिक्षु डीएसपी) श्री सुमित चंद्रा, उप-निरीक्षक लोकेश्वर नाग, एएसआई दिनेश उसेंडी, प्रधान आरक्षक सुनील मनहर, अखिलेश नाग, लखेश्वर बघेल, आरक्षक युवराज ठाकुर, कामदेव दर्रो, संदीप राणा, विद्या भूषण, चालक मानकू कोर्राम और पैंथर टीम (01 व 02) की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम की इस त्वरित और सतर्क कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक ने उनकी सराहना की है।