यजुवेन्द्र सिंह ठाकुर
कोंडागांव
अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, जिला कोंडागांव के तत्वावधान में ब्लॉक फरसगांव इकाई द्वारा आदर्श स्कूल मैदान, फरसगांव में संचालित निःशुल्क सैन्य प्रशिक्षण शिविर क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा, अनुशासन एवं मार्गदर्शन का महत्वपूर्ण केंद्र बन गया है। इस शिविर में पिछले तीन-चार वर्षों से ब्लॉक फरसगांव एवं ब्लॉक माकड़ी के सैकड़ों युवा नियमित रूप से भर्ती-पूर्व सैन्य प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं तथा सेना, सीआरपीएफ, पुलिस, नगर सेना एवं अन्य सुरक्षा बलों सहित विभिन्न क्षेत्रों में चयनित होकर अपने परिवार, समाज और क्षेत्र का नाम गौरवान्वित कर रहे हैं।
इसी क्रम में हाल ही में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) में चयनित हुए युवा अभिषेक सलाम का निःशुल्क सैन्य प्रशिक्षण शिविर में उत्साहपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में भव्य स्वागत किया गया। शिविर में उपस्थित पूर्व सैनिकों, प्रशिक्षकों एवं प्रशिक्षणार्थियों ने पुष्पगुच्छ एवं माल्यार्पण कर उनका अभिनंदन किया तथा उनकी सफलता पर हर्ष व्यक्त किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि अभिषेक सलाम की सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है। उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन, लगन और प्रशिक्षण के प्रति समर्पण ने उन्हें यह महत्वपूर्ण उपलब्धि दिलाई है। उन्होंने कहा कि यदि युवा दृढ़ संकल्प, नियमित अभ्यास और सकारात्मक सोच के साथ तैयारी करें तो सफलता निश्चित रूप से प्राप्त होती है।
परिषद के पदाधिकारियों एवं प्रशिक्षकों ने बताया कि निःशुल्क सैन्य प्रशिक्षण शिविर में युवाओं को शारीरिक दक्षता, दौड़, लिखित परीक्षा की तैयारी, अनुशासन, व्यक्तित्व विकास तथा सैन्य जीवन के मूलभूत गुणों का प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है। इसी का परिणाम है कि प्रत्येक वर्ष अनेक युवा विभिन्न सुरक्षा बलों एवं सरकारी सेवाओं में चयनित होकर अपने सपनों को साकार कर रहे हैं।
अपने संबोधन में सीआरपीएफ में चयनित जवान अभिषेक सलाम ने फरसगांव ब्लाक निःशुल्क सैन्य प्रशिक्षण शिविर के सचिव रिकेश कुमार कुंवर सहित समस्त पदाधिकारियों, पूर्व सैनिकों एवं प्रशिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शिविर से प्राप्त मार्गदर्शन, अनुशासन और निरंतर सहयोग ने उन्हें सही दिशा, आत्मविश्वास और सफलता प्राप्त करने की प्रेरणा दी। उन्होंने सभी प्रशिक्षणार्थियों से मेहनत, अनुशासन एवं धैर्य बनाए रखने का आह्वान करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में इस शिविर से और भी अधिक युवा सेना एवं सुरक्षा बलों में चयनित होंगे।
*शिविर की सफलता के पीछे समर्पित टीम का योगदान*
कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रशिक्षणार्थियों एवं पूर्व सैनिक ने निःशुल्क सैन्य प्रशिक्षण शिविर को सफलतापूर्वक संचालित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पीला राम मरकाम, सियाराम मरकाम, प्रभू नेताम, अध्यक्ष बप्पा नंदी, रुपेश मरकाम, कमलेश नेताम एवं सुरेन्द्र मरकाम का विशेष धन्यवाद ज्ञापित किया। वक्ताओं ने कहा कि इन सभी के समर्पण, सहयोग एवं अथक प्रयासों के कारण ही शिविर निरंतर प्रगति कर रहा है और युवाओं के लिए सफलता का मार्ग प्रशस्त कर रहा है।
इस अवसर पर परिषद के सक्रिय सहयोगी *स्वर्गीय बलदेव नेताम को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।* उपस्थितजनों ने उनके समाज सेवा, संगठन के प्रति समर्पण एवं युवाओं के उत्थान के लिए किए गए योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि उनके आदर्श और कार्य सदैव प्रेरणास्रोत बने रहेंगे।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों ने संकल्प लिया कि क्षेत्र के अधिक से अधिक युवाओं को सैन्य एवं सुरक्षा बलों में भर्ती हेतु प्रेरित कर राष्ट्र सेवा के लिए तैयार किया जाएगा
