*लूट का पावरहाउस बनी बालोद पालिका प्रशासन: ढाई लाख के काऊ केचर का 8.40 लाख का स्टीमेट, अपनों की जेबें भरने का खुला खेल*

विनोद जैन

बालोद – नगर पालिका परिषद बालोद इन दिनों जनहित के कार्यों को दरकिनार कर भ्रष्टाचार और मनमानी का खुला अड्डा बनती जा रही है।

शहर में विकास कार्य भले ही ठप पड़े हों, लेकिन कमीशनखोरी और चहेतों को लाभ पहुंचाने के मामले में पालिका प्रशासन पूरी तरह लूट का पावरहाउस साबित हो रहा है।

पालिका प्रशासन पर आरोप लगाते हुए भाजपा पार्षद दीपक लोढ़ा और एल्डरमेन नितेश वर्मा ने बताया की इसका सबसे ताजा और चौंकाने वाला प्रमाण गौवंश के परिवहन हेतु खरीदे जा रहे काऊ केचर (पशु वाहन ट्रेलर) के प्राक्कलन में देखने को मिला है।

केंद्र सरकार के अधिकृत GeM पोर्टल और खुले बाजार में जो हाइड्रोलिक काऊ केचर ट्रेलर 2.50 से 3.50 लाख रुपये में आसानी से मिल जाता है, उसके लिए पालिका के जिम्मेदारों ने सीधे 8,40,000 का मनमाना प्राक्कलन तैयार कर डाला।

कागजों की पड़ताल से साफ जाहिर होता है कि अधिकारियों ने बिना दिमाग लगाए किसी कच्चे प्रोफार्मा को सीधे फाइलों में चिपका दिया, ताकि ठेकेदारों को मनमानी करने की खुली छूट मिले।