चंद्रहास वैष्णव 
गौ रक्षा दल की शिकायत पर बोधघाट पुलिस की त्वरित कार्रवाई; बीएनएस और पशु क्रूरता अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज
शहर के संतोषी वार्ड से एक अत्यंत निंदनीय और शर्मनाक घटना सामने आई है, जहां एक व्यक्ति द्वारा गाय के साथ दुष्कर्म किया गया। घटना की जानकारी मिलते ही गौ रक्षा दल के सदस्यों ने भारी आक्रोश जताते हुए बोधघाट थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और आरोपी जय दास को गिरफ्तार कर लिया है।
*सीसीटीवी में कैद हुई वारदात*
मिली जानकारी के अनुसार, इस घिनौने कृत्य का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी गौवंश के साथ दुराचार करता नजर आ रहा है। बताया जा रहा है कि कृत्य के दौरान एक स्थानीय महिला की नजर आरोपी पर पड़ गई थी, जिसके बाद उसने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए डंडे से पीटकर आरोपी को मौके से भगा दिया।
*बीएनएस और पशु क्रूरता अधिनियम के तहत कार्रवाई*
बोधघाट पुलिस ने गौ रक्षा दल की शिकायत और उपलब्ध सीसीटीवी साक्ष्यों को आधार बनाते हुए आरोपी जय दास के खिलाफ कानूनी शिकंजा कस दिया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। मामले में पुलिस द्वारा आगे की वैधानिक और न्यायिक कार्रवाई की जा रही है।
*गौ सेवकों में भारी आक्रोश, सख्त कानून की मांग*
इस अमानवीय घटना को लेकर स्थानीय लोगों और गौ सेवकों में गहरा असंतोष है। गौ सेवक मुन्ना कोरी ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि हिंदू धर्म में गाय को पवित्र माता का दर्जा प्राप्त है और उनमें तैंतीस कोटि देवी-देवताओं का वास माना जाता है। उन्होंने कहा, “आरोपी का यह कृत्य न केवल सामाजिक एवं धार्मिक मान्यताओं पर आघात है, बल्कि अत्यंत घिनौना और अक्षम्य है। ऐसी विकृत मानसिकता वाले व्यक्तियों के खुले घूमने से न केवल गौवंश, बल्कि समाज में महिलाएं और बच्चियां भी असुरक्षित महसूस करती हैं।”
वहीं, गौ सेवक रोहन कुमार ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई का स्वागत करते हुए राज्य सरकार से मांग की है कि ऐसे कुकृत्यों के खिलाफ और अधिक कठोर कानूनी प्रावधान बनाए जाएं। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के अन्य जिलों में भी पूर्व में इस प्रकार की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ऐसे में भविष्य में कोई इस तरह का दुस्साहस न कर सके, इसके लिए सख्त धाराओं का लागू होना अत्यंत आवश्यक है।
*ये रहे उपस्थित:*
पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराने और कार्रवाई की मांग को लेकर मुन्ना कोरी, रोहन कुमार, इन्द्र टेमरे, संजय मौर्य, तमिश नायडू, अभिषेक साहू, रवि नेताम, भवानी चौहान, कमल निषाद एवं योगेश ठाकुर सहित अन्य गौ सेवक प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
