यजुवेन्द्र सिंह ठाकुर
कोंडागांव। पूर्व सैनिकों के अनुशासन और युवाओं के उत्साह की एक अनूठी मिसाल पेश करते हुए दिनांक 02 अगस्त 2026 को कोंडागांव स्थित मुक्ति धाम में भव्य स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया।
यह अभियान मुख्य नगरपालिका अधिकारी सचिन गुप्ता के कुशल मार्गदर्शन में अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, कोंडागांव द्वारा संपन्न हुआ।
इस स्वच्छता अभियान में अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के पूर्व सैनिकों के साथ-साथ परिषद के तत्वावधान में नि:शुल्क सैन्य प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रतिभावान युवक-युवतियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सभी ने मिलकर मुक्ति धाम परिसर की साफ-सफाई की और स्थल को स्वच्छ व व्यवस्थित बनाया।
स्वच्छता अभियान के दौरान अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद कोंडागांव के संरक्षक एवं बस्तर संभाग प्रभारी सुब्रत साहा तथा जिला अध्यक्ष सूरज यादव ने उपस्थित युवाओं को संबोधित किया।
सुब्रत साहा ने युवाओं को स्वच्छता के महत्व को समझाते हुए कहा कि स्वच्छता केवल एक कार्य नहीं, बल्कि हमारे नैतिक और सामाजिक दायित्व का हिस्सा है।
सूरज यादव ने युवाओं को अनुशासित रहते हुए राष्ट्र सेवा और सामुदायिक विकास कार्यों में निरंतर योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने और समाज में स्वच्छता का संदेश फैलाने का संकल्प लिया। पूर्व सैनिकों की इस पहल की स्थानीय नागरिकों एवं नगर पालिका प्रशासन ने खूब प्रशंसा की और कहा कि पूर्व सैनिकों का अनुशासन और युवाओं का उत्साह मिलकर समाज में सकारात्मक बदलाव की एक बेहतरीन मिसाल पेश करता है। सफाई कार्य के दौरान परिसर देशभक्ति और स्वच्छता के नारों से गूंज उठा। युवाओं और पूर्व सैनिकों ने “स्वच्छता मिशन में मेरी भागीदारी”, “मेरा शहर – मेरी जिम्मेदारी”, “स्वच्छ भारत – सुंदर भारत”, “स्वच्छ कोंडागांव – सुंदर कोंडागांव” और “भारत माता की जय” के गगनभेदी नारे लगाकर नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। इस स्वच्छता अभियान में अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद कोंडागांव के संरक्षक एवं बस्तर संभाग प्रभारी सुब्रत साहा, जिला अध्यक्ष सूरज यादव, कोषाध्यक्ष सोमेश्वर भारती, सदस्य श्रीकांत तिवारी, राकेश धीवर, नगर पालिका परिषद के कर्मचारी संतोष साहू और निशुल्क सैन्य प्रशिक्षण ले रहे 120 युवक एवं युवतियां उपस्थित रहे l
