विनोद जैन 
बालोद। जिला मुख्यालय से लगभग 5 किलोमीटर दूर ग्राम पंचायत ओरमा में सरपंच मंजुलता साहू के प्रयासों से लगातार दूसरे वर्ष वृहद वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक पौधरोपण किया।
वृक्षारोपण अभियान में ग्राम के वरिष्ठ नागरिक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन, स्वच्छता ग्राही, महिला स्व-सहायता समूह की सदस्याएं, महतारी वंदन योजना की हितग्राही एवं ग्रामीणजन शामिल हुए। सभी ने मिलकर विभिन्न स्थानों पर पौधे रोपे और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने वृक्षारोपण से पहले शपथ लेते हुए कहा कि पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं, बल्कि उनकी सुरक्षा, नियमित देखभाल और सिंचाई की जिम्मेदारी भी सभी मिलकर निभाएंगे, ताकि लगाए गए पौधे बड़े होकर पर्यावरण संरक्षण में योगदान दे सकें।
इस अवसर पर सरपंच मंजुलता साहू ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने परिवार के किसी सदस्य के नाम पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए। उन्होंने घर, खेत, सार्वजनिक स्थल एवं शासकीय भूमि पर अधिक से अधिक पौधरोपण कर पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का आह्वान किया
ग्रामीणों ने इस अभियान की सराहना करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए सामूहिक जिम्मेदारी है।
