यजुवेन्द्र सिंह ठाकुर
जगदलपुर में गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर, पूज्य गुरुदेव श्री श्री रविशंकर जी (आर्ट ऑफ़ लिविंग, इंटरनेशनल सेंटर, बैंगलोर) द्वारा पहली बार ‘अनसंग हीरो अवार्ड’ की घोषणा की गई। ‘अनसंग हीरो अवार्ड’ के लिए कोंडागांव जिला से अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, कोंडागांव के संरक्षक एवं बस्तर संभाग प्रभारी सुब्रत साहा का नाम चयनित किया गया और इस प्रतिष्ठित सम्मान को जगदलपुर के महापौर संजय पांडे जी के द्वारा शॉल पहनाकर और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया l
सुब्रत साहा को यह अवार्ड कोंडागांव जिले में लगभग 30,000 से अधिक बच्चों को निःशुल्क सैन्य प्रशिक्षण एवं उत्कृष्ट मार्गदर्शन प्रदान करने में उनके निस्वार्थ योगदान के लिए प्रदान किया गया है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद सुब्रत साहा ने इस अवार्ड का श्रेय अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, कोंडागांव के समस्त पदाधिकारियों, सदस्यों और क्षेत्र की जनता को दिया। इसके साथ ही उन्होंने भविष्य में आजीवन इसी प्रकार समाज सेवा के कार्यों में समर्पित रहने का दृढ़ संकल्प लिया है।
इस अवसर पर अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, कोंडागांव के जिला अध्यक्ष सूरज यादव ने बस्तर संभाग प्रभारी सुब्रत साहा को इस महान उपलब्धि पर परिषद की ओर से हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह कोंडागांव और पूरे बस्तर संभाग के लिए अत्यंत गौरव का विषय है l
इस गौरवशाली अवसर पर सुब्रत साहा की धर्मपत्नी श्रीमती ममता साहा, पुत्री सुष्मिता साहा, जिला अध्यक्ष सूरज यादव और परिषद के सदस्य श्रीकांत तिवारी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
