यजुवेन्द्र सिंह ठाकुर
कांकेर
– छत्तीसगढ़ के शिक्षकों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जुलाई माह का वेतन केवल VSK (विद्या समीक्षा केंद्र) ऐप की ई-अटेंडेंस के आधार पर नहीं बनाया जाएगा और बिना कारण जाने किसी भी शिक्षक का वेतन नहीं रोका जाएगा।
यह निर्देश सभी जिला शिक्षा अधिकारियों (DEO) और संयुक्त संचालकों के साथ आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में दिए गए।
*तकनीकी समस्या को देखते हुए लिया गया फैसला*
बैठक में बताया गया कि जुलाई माह के दौरान VSK ऐप में कई स्थानों पर तकनीकी और नेटवर्क संबंधी समस्याएं सामने आई हैं। ऐसे मामलों में पहले वास्तविक कारणों की जांच की जाएगी। यदि तकनीकी कारणों से किसी शिक्षक की उपस्थिति दर्ज न होने के पीछे तकनीकी समस्या थी या कोई अन्य कारण।
उन्होंने यह भी कहा था कि यदि तकनीकी खामी के कारण उपस्थिति दर्ज नहीं हुई है,तो संबंधित DDO (ड्रॉइंग एंड डिस्बर्सिंग ऑफिसर) से प्रमाणित कर शिक्षकों का वेतन जारी किया जाए।
*7 अगस्त को आंदोलन की दी थी चेतावनी*
छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संजय शर्मा ने चेतावनी दी थी कि यदि VSK ऐप की तकनीकी समस्या को नजरअंदाज कर शिक्षकों का वेतन रोका गया, तो 7 अगस्त को पूरे प्रदेश में DDO कार्यालयों का घेराव आंदोलन किया जाएगा।
*शिक्षा सचिव के निर्देश का किया स्वागत*
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में शिक्षा सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह द्वारा दिए गए निर्देशों के बाद छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन ने निर्णय का स्वागत किया है।प्रदेश अध्यक्ष संजय शर्मा, संयोजक वाजिद खान,महासचिव हेमेंद्र साहसी,जिलाध्यक्ष स्वदेश शुक्ला,जिला सचिव संतोष जायसवाल,मीडिया प्रभारी कृष्णेंदु आइच ने कहा कि विभाग का यह फैसला हजारों शिक्षकों के हित में है और तकनीकी समस्याओं के कारण किसी कर्मचारी को परेशान नहीं किया जाना चाहिए।
