तिल्दा,नेवरा गोवर्धन यदु
तिल्दा,नेवरा@ विकासखंड तिल्दा क्षेत्र के ग्राम टंडवा में मंगलवार को क्षेत्र की प्रगति और जन-सुविधाओं को नई दिशा देने वाले कई विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण संपन्न हुआ। इस ऐतिहासिक अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ रायपुर जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, भाजपा के पूर्व जिला महामंत्री अनिल अग्रवाल, ग्राम पंचायत टंडवा की सरपंच योगिता कृष्ण वर्मा, मंडल अध्यक्ष मनोज निषाद सहित नरसिंह वर्मा, टेकराम यादव, पवन अग्रवाल, गिरीश साहू और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम में माहौल उत्सव जैसा था क्योंकि जिस सड़क के लिए ग्रामीण दशकों से आवाज उठा रहे थे, आखिरकार उसका काम शुरू होने जा रहा है।
*₹8 करोड़ से अधिक की लागत से बनेंगी दो नई सड़कें*
इस अवसर पर दो महत्वपूर्ण सड़क मार्गों का विधिवत भूमिपूजन किया गया। पहला मार्ग टंडवा से बैकुंठ तक 2.65 किलोमीटर लंबा होगा, जिसके निर्माण पर ₹3 करोड़ 87 लाख की राशि खर्च की जाएगी। दूसरा मार्ग दैहानपारा टंडवा से झोपड़ापारा बैकुंठ तक 2.67 किलोमीटर लंबा है और इस पर ₹4 करोड़ 44 लाख की लागत आएगी। दोनों सड़कें मिलाकर करीब ₹8.31 करोड़ की विकास परियोजना है। वर्षों से यह मार्ग जर्जर हालत में पड़ा था। कच्ची और टूटी सड़क के कारण बरसात के मौसम में यहां आवागमन लगभग ठप हो जाता था। विद्यार्थियों को स्कूल पहुंचने में, किसानों को मंडी जाने में और मरीजों को अस्पताल ले जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। इसी समस्या को लेकर ग्रामीण लंबे समय से शासन और जनप्रतिनिधियों से गुहार लगा रहे थे।
*मंत्री ने कहा, विकास के लिए सड़कें आधारशिला हैं*
कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा ने भूमिपूजन के बाद कहा कि यह सड़क केवल ईंट और डामर का रास्ता नहीं है। सड़कें किसी भी क्षेत्र की शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों की रीढ़ होती हैं। उन्होंने बताया कि इस सड़क की स्वीकृति वर्ष 2018 में डॉ. रमन सिंह की भाजपा सरकार के दौरान हुई थी, लेकिन बीच में कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में यह परियोजना अटक गई थी। ग्रामीणों की लगातार मांग और क्षेत्र की जरूरतों को देखते हुए अब मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व वाली सरकार ने इसे फिर से स्वीकृत कर काम शुरू करवाया है। मंत्री ने कहा कि इन दोनों सड़कों के बन जाने से न केवल टंडवा और बैकुंठ के लोगों को सुविधा होगी, बल्कि आसपास के गांवों को भी बेहतर कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा। आवागमन सुगम होने से व्यापार बढ़ेगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।
*स्कूल को भी मिली तीन नई सुविधाएं*
भूमिपूजन कार्यक्रम के साथ ही शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय टंडवा में तीन सुविधाओं का लोकार्पण भी किया गया। यहां नवनिर्मित प्रार्थना शेड, अतिरिक्त शैक्षणिक कक्षा और साइकिल स्टैंड बच्चों को समर्पित किए गए। मंत्री ने कहा कि इन सुविधाओं से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा। प्रार्थना शेड में बच्चे अब धूप और बारिश से बचकर प्रार्थना कर सकेंगे, अतिरिक्त कक्षा से बैठने की समस्या दूर होगी और साइकिल स्टैंड से छात्र-छात्राओं को अपनी साइकिल सुरक्षित रखने कीर सुविधा मिलेगी।
*जनप्रतिनिधियों ने जताया आभार, ग्रामीणों में खुशी*
रायपुर जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार सुशासन और विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और इसी के तहत लगातार जनहित के कार्य किए जा रहे हैं। पूर्व जिला महामंत्री अनिल अग्रवाल ने कहा कि कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा बलौदाबाजार विधानसभा के हर गांव तक विकास पहुंचाने के लिए संकल्पित हैं। टंडवा से बैकुंठ सड़क की स्वीकृति भी उसी सोच का परिणाम है। ग्राम पंचायत टंडवा की सरपंच योगिता कृष्ण वर्मा ने मुख्यमंत्री, कैबिनेट मंत्री और सभी जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस मार्ग के बनने से क्षेत्र की सबसे बड़ी समस्या का समाधान होगा और आने वाली पीढ़ियों को विकास का नया रास्ता मिलेगा। भूमिपूजन की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है और ग्रामीणों को उम्मीद है कि अब उनका दशकों का इंतजार खत्म होकर एक नए विकास अध्याय की शुरुआत होगी।
