
विनोद जैन
बालोद। गौ सेवा, गौ सुरक्षा एवं गौ सम्मान के प्रति समाज में व्यापक जनजागरण और जनसमर्थन जुटाने के उद्देश्य से जिले में “गौ सम्मान आह्वान अभियान” का दूसरा चरण 27 जुलाई (रविवार) को आयोजित किया जाएगा। अभियान के तहत धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित होगी, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने की तैयारी की गई है।
आयोजकों के अनुसार अभियान की शुरुआत सुबह 8 बजे देशभर में एक साथ आयोजित होने वाले “विजय मंत्र जाप” से होगी। इसके बाद सुबह 9:30 बजे बालोद स्थित गायत्री मंदिर से दुर्गा मंदिर तक भव्य कलश यात्रा एवं संकीर्तन यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा में गौ सेवा से जुड़े कार्यकर्ताओं, विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा आम नागरिकों की सहभागिता रहेगी।
यात्रा के समापन के पश्चात कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचकर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम संबोधित गौ सेवा, गौ सुरक्षा एवं गौ सम्मान से संबंधित मांगों का ज्ञापन जिला प्रशासन के माध्यम से प्रेषित किया जाएगा। आयोजकों का कहना है कि ज्ञापन के माध्यम से गौ संरक्षण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर सरकार का ध्यान आकर्षित किया जाएगा तथा प्रभावी कदम उठाने की मांग की जाएगी।
अभियान के संयोजकों ने जिले के सभी नागरिकों, सामाजिक संगठनों, धार्मिक संस्थाओं, गौशाला संचालकों, गौ सेवकों एवं युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर गौ संरक्षण एवं संवर्धन के इस जन-जागरण अभियान को सफल बनाने की अपील की है।
आयोजकों का मानना है कि समाज की सक्रिय भागीदारी से ही गौ सेवा, गौ सुरक्षा और गौ सम्मान के प्रति व्यापक जनचेतना विकसित होगी तथा इस दिशा में सकारात्मक वातावरण तैयार किया जा सकेगा।
