विनोद जैन 
बालोद। प्रधानमंत्री जनजातीय आदिवासी न्याय महाअभियान (PM JANMAN) योजना के अंतर्गत छत्तीसगढ़ में 1,788 किलोमीटर सड़क निर्माण कार्य पूर्ण होने पर भाजपा प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन एवं भाजपा जिलाध्यक्ष चेमन देशमुख ने प्रदेशवासियों, विशेषकर जनजातीय समाज को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि जनजातीय क्षेत्रों को मुख्यधारा के विकास से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (PVTGs) के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान के लिए PM JANMAN योजना प्रारंभ की गई है। योजना का उद्देश्य ऐसे दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना है, जहां लंबे समय से विकास की पहुंच सीमित रही है।
यशवंत जैन ने कहा कि छत्तीसगढ़ में PM JANMAN के अंतर्गत 1,788 किलोमीटर सड़क निर्माण पूरा होना देश में सर्वाधिक होना प्रदेश के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि सड़क केवल आवागमन का साधन नहीं है, बल्कि यह शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, बाजार और शासन की सुविधाओं तक पहुंच का माध्यम भी है। दूरस्थ जनजातीय क्षेत्रों में बेहतर सड़क संपर्क बनने से ग्रामीणों और वनवासी परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा।
उन्होंने कहा कि पहले जिन गांवों तक पहुंचना कठिन था, वहां सड़क निर्माण होने से आवागमन आसान होगा। बच्चों को स्कूल और विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के अवसरों तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी। मरीजों को अस्पताल तक पहुंचाने, किसानों एवं ग्रामीण उत्पादकों को बाजार तक अपनी उपज पहुंचाने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में भी सहूलियत होगी।
भाजपा जिलाध्यक्ष चेमन देशमुख ने कहा कि केंद्र और राज्य में डबल इंजन सरकार होने का लाभ विकास कार्यों में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार और छत्तीसगढ़ की मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार जनजातीय क्षेत्रों के विकास को प्राथमिकता दे रही है।
उन्होंने कहा कि “दूरियां घट रही हैं और विकास की राह मजबूत हो रही है।” सड़क निर्माण के साथ-साथ जनजातीय क्षेत्रों में आवास, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में भी लगातार कार्य किया जा रहा है।
भाजपा नेताओं ने कहा कि PM JANMAN योजना केवल सड़क निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका व्यापक उद्देश्य विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों के परिवारों को बेहतर जीवन के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। सड़क संपर्क मजबूत होने से विकास की अन्य योजनाओं को भी इन क्षेत्रों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि सरकार विकास को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। जनजातीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में मजबूत सड़क नेटवर्क बनने से क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी और लोगों के लिए रोजगार एवं आजीविका के नए अवसर भी विकसित होंगे।
यशवंत जैन एवं चेमन देशमुख ने PM JANMAN योजना के अंतर्गत छत्तीसगढ़ में 1,788 किलोमीटर सड़क निर्माण पूर्ण होने की उपलब्धि पर केंद्र एवं राज्य सरकार को बधाई देते हुए कहा कि आने वाले समय में भी जनजातीय एवं दूरस्थ क्षेत्रों में विकास कार्यों को इसी गति से आगे बढ़ाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के संकल्प के अनुरूप सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
