350 सीसीटीवी फुटेज खंगालकर पुलिस ने पकड़ा अंतरजिला मंदिर चोर, कांकेर सहित तीन जिलों की वारदातों का खुलासा
कांकेर। कांकेर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, साइबर इंटेलिजेंस और तकनीकी विश्लेषण के दम पर अंतरजिला मंदिर चोरी गिरोह के एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी कांकेर, धमतरी और बस्तर जिले के कई मंदिरों में चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुका था। पुलिस ने उसके कब्जे से कांकेर के मंदिरों से चोरी गए अधिकांश आभूषण और अन्य सामान बरामद कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, 8-9 जुलाई की रात कलेक्ट्रेट रोड स्थित ऐतिहासिक श्री-श्री बड़ी शीतला माता मंदिर में चोरी की घटना हुई थी। चोर मंदिर का ताला तोड़कर माता का मुकुट, चांदी के छत्र, मंगलसूत्र, नथ, अन्य आभूषण तथा दानपेटी में रखी नकदी सहित करीब 2.47 लाख रुपये का सामान लेकर फरार हो गया था। मामले में थाना कांकेर में अपराध दर्ज कर विशेष जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू, एसडीओपी मोहसिन खान तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (साइबर) दिनेश कुमार सिन्हा के नेतृत्व में साइबर सेल और थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थलों का वैज्ञानिक निरीक्षण किया और कांकेर, कोंडागांव, जगदलपुर तथा रायपुर के करीब 350 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया। डिजिटल ट्रेल, साइबर इंटेलिजेंस और तकनीकी निगरानी के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे जगदलपुर से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान हरेंद्र गुप्ता (20 वर्ष), निवासी नहरपारा, कोंडागांव के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने कबूल किया कि वह बसों से अलग-अलग जिलों में जाकर पहले मंदिरों की रेकी करता था। सुरक्षा व्यवस्था और सीसीटीवी की स्थिति देखने के बाद रात में सुनसान मंदिरों को निशाना बनाकर दानपेटी की नकदी और देवी-देवताओं के चांदी-सोने के आभूषण चोरी करता था।
आरोपी ने धमतरी जिले के भखारा और कुरूद, बस्तर के जगदलपुर स्थित हनुमान मंदिर, आसना के राधा-कृष्ण मंदिर तथा कांकेर के शीतला माता मंदिर, शनि मंदिर, शिव मंदिर, राजापारा बालाजी मंदिर सहित कई मंदिरों में चोरी की वारदात करना स्वीकार किया है। उसने यह भी बताया कि चोरी की नकदी यात्रा, भोजन और जुए में खर्च कर दी थी, जबकि चोरी के आभूषण रायपुर में बेचने का प्रयास किया, लेकिन सीसीटीवी कैमरों के कारण सफल नहीं हो पाया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से शीतला माता मंदिर से चोरी गए चांदी के करधन, पायल, मंगलसूत्र, बिछिया, नयन, छत्र, मुकुट, सोने का आभूषण, नकदी के सिक्के तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस का दावा है कि कांकेर जिले के मंदिरों से चोरी गए सामान की लगभग शत-प्रतिशत बरामदगी कर ली गई है।
पुलिस का कहना है कि यह सफलता आधुनिक तकनीक, साइबर इंटेलिजेंस, डिजिटल सर्विलांस, वैज्ञानिक अनुसंधान और पारंपरिक पुलिसिंग के प्रभावी समन्वय का परिणाम है। इस कार्रवाई में कांकेर और जगदलपुर साइबर सेल की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
