यजुवेन्द्र सिंह ठाकुर 
कोंडागांव
मौसम के बदलते मिजाज और लगातार हो रही बारिश के बावजूद युवाओं के हौसले पस्त होने का नाम नहीं ले रहे हैं। आज सुबह से हो रही झमाझम बारिश के बीच विकास नगर स्टेडियम कोंडागांव में एक अनोखा और प्रेरणादायक नजारा देखने को मिला। जहाँ आम लोग घरों में दुबके हुए थे, वहीं निशुल्क सैन्य प्रशिक्षण लेने वाले युवा देशभक्ति और अनुशासन के रंग में रंगे, खुले मैदान में फिजिकल ट्रेनिंग करते नजर आए। सुबह से ही आसमान में काले बादल छाए हुए थे और रिमझिम फुहारें पड़ रही थीं लेकिन पूर्व सैनिकों की एक आवाज पर सभी बच्चे मैदान में मुस्तैद हो गए। कीचड़ और पानी की परवाह किए बिना बच्चों ने स्ट्रेचिंग, रनिंग, पुश-अप्स और पीटी के कठिन अभ्यास पूरे किए। बच्चों के चेहरों पर थकान की जगह एक अलग ही चमक और मुस्कान देखने को मिल रही थी। बस्तर संभाग प्रभारी सुब्रत साहा ने बताया कि ”मौसम चाहे कैसा भी हो, अनुशासन और सेहत से समझौता नहीं किया जा सकता। बारिश में ट्रेनिंग करने से बच्चों की मानसिक और शारीरिक क्षमता और मजबूत होती है।” मैदान के किनारे छाता तानकर खड़े अभिभावक भी बच्चों का यह जज्बा देखकर गद्गद थे। एक अभिभावक ने बताया, “शुरुआत में हमें चिंता थी कि कहीं बच्चे बीमार न पड़ जाएं, लेकिन इनका उत्साह देखकर हमारा डर गायब हो गया। यह ट्रेनिंग इन्हें जिंदगी की हर मुश्किल परिस्थिति से लड़ना सिखा रही है।” सेहत और अनुशासन का बेहतरीन संदेश
आज के डिजिटल दौर में, जहाँ बच्चे अक्सर मोबाइल और टीवी स्क्रीन से चिपके रहते हैं, वहीं अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद कोंडागांव में निशुल्क सैन्य प्रशिक्षण ले रहे प्रशिक्षणार्थीयो ने बारिश के मौसम में भी मैदान को चुनकर फिटनेस की एक नई मिसाल पेश की है। विपरीत परिस्थितियों में की गई ट्रेनिंग से बच्चों का रोग प्रतिरोधक क्षमता और आत्मविश्वास दोनों मजबूत होते हैं। पूर्व सैनिकों के द्वारा दिए गए इस फिजिकल ट्रेनिंग ने यह साबित कर दिया है कि अगर मन में कुछ कर गुजरने का जज्बा हो, तो मौसम की बाधाएं भी रास्ता नहीं रोक सकतीं। इस अवसर पर अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद कोंडागांव के संरक्षक एवं बस्तर संभाग प्रभारी सुब्रत साहा, उपाध्यक्ष अजनेर लकड़ा, कोषाध्यक्ष सोमेश्वर भारती, सदस्य श्रीकांत तिवारी, राकेश धीवर और निशुल्क सैन्य प्रशिक्षण लेने वाले 90 युवक एवं युवतियां उपस्थित रहें l
