*शाला प्रवेश उत्सव हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ संपन्न*

यजुवेन्द्र सिंह ठाकुर

कांकेर नवीन शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ अवसर पर शासकीय विद्यालय में शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ग्राम सरपंच श्री पदुम सिंह ठाकुर रहे। इस अवसर पर एसएमडीसी सदस्य श्री सहदेव टांडिया, श्री दिनेश नागदोने, श्रीमती हेमप्रभा कटबेर एवं श्री जागेश्वर सिन्हा की गरिमामयी उपस्थिति रही।

विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती कृष्णा करायत ने सभी अतिथियों का स्वागत किया तथा नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर एवं पुष्प भेंट कर आत्मीय अभिनंदन किया। इस अवसर पर कक्षा 9वीं एवं 10वीं के विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण भी किया गया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों के साथ उनके पालकों की भी उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही। श्री महेंद्र सिन्हा ने प्रवेश प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों एवं शैक्षणिक सत्र के दौरान पूर्ण की जाने वाली औपचारिकताओं की विस्तृत जानकारी विद्यार्थियों एवं पालकों को प्रदान की। अतिथियों ने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन एवं नैतिक मूल्यों के साथ शिक्षा ग्रहण करने के लिए प्रेरित किया तथा पालकों से बच्चों की नियमित विद्यालय उपस्थिति सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

कार्यक्रम का सफल संचालन सुश्री रुखमणी छाटा द्वारा किया गया। इस अवसर पर श्रीमती रंजीता नुचार्य द्वारा नेवता भोज का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय परिवार के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों का सराहनीय सहयोग रहा। अंत में श्री पुनूराम प्रधान द्वारा आभार व्यक्त किया गया