चंद्रहास वैष्णव 
जगदलपुर। शहर में महिलाओं और युवतियों को निशाना बनाकर झपटमारी की लगातार वारदातों को अंजाम देने वाले एक नकाबपोश युवक को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी अब तक शहर के कोतवाली और बोधघाट थाना क्षेत्र में कुल 9 झपटमारी की घटनाओं को अंजाम दे चुका था। पुलिस ने उसके कब्जे से 8 बैग, 3 मोबाइल, सोने-चांदी के आभूषण, नकदी सहित करीब 2.5 लाख रुपये का सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजमन यादव (19 वर्ष), निवासी ग्राम कुथर, थाना मारडूम, जिला बस्तर के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह सुनसान और अंधेरी जगहों पर बैग लेकर जा रही महिलाओं और युवतियों को निशाना बनाता था। आरोपी बाइक से पीछे से आकर झपटमारी करता और बैग से नकदी व आभूषण निकालकर बैग एवं मोबाइल फेंक देता था। उसने बताया कि दोस्तों के साथ घूमने-फिरने के लिए पैसे जुटाने की नीयत से वह इन वारदातों को अंजाम देता था।
पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार धोत्रे के पर्यवेक्षण में कोतवाली पुलिस और साइबर टीम लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस टीम तैनात की गई थी।
धरमपुरा-कालीपुर क्षेत्र में हुई ताजा झपटमारी के बाद पुलिस को आरोपी की गतिविधियों की जानकारी मिली। घेराबंदी कर उसे दलपत सागर से पावर हाउस चौक की ओर जाते समय पकड़ लिया गया। पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर उसने कोतवाली क्षेत्र की 5 तथा बोधघाट क्षेत्र की 4, कुल 9 झपटमारी की घटनाएं स्वीकार कर लीं।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 8 बैग, 3 मोबाइल, सोने-चांदी के आभूषण, 800 रुपये नकद, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस समेत अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
