यजुवेन्द्र सिंह ठाकुर 
दिनांक 03 जुलाई 2026 को अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद कोंडागांव के द्वारा केशकाल बस स्टैंड में भारतीय थल सेना से 17 वर्षों तक राष्ट्र की गौरवपूर्ण सेवा पूर्ण कर अपने गृह क्षेत्र लौटे चार पूर्व सैनिक नायक अर्जुन नेताम , एएलडी परमेश्वर मंडावी, लांस नायक उग्रेश कुमार वट्टी एवं नायक मनीराम नेताम के सम्मान में भव्य स्वागत, वंदन एवं अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। बारिश के मौसम के बावजूद कार्यक्रम के प्रति लोगों का उत्साह देखने योग्य रहा। तेज बारिश के बीच भी सैकड़ों की संख्या में नागरिक, पूर्व सैनिक, जनप्रतिनिधि, सैनिकों के परिजन, नगरवासी, रिश्तेदार एवं निःशुल्क सैन्य प्रशिक्षण लेने वाले प्रशिक्षणार्थी केशकाल बस स्टैंड पहुँचे और चारों पूर्व सैनिकों का आरती उतारकर, तिलक-चंदन लगाकर, पुष्पवर्षा एवं माल्यार्पण कर आत्मीय एवं भव्य स्वागत किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” एवं “जय जवान जय किसान” एवं अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद कोंडागांव की जय’ के नारों से वातावरण राष्ट्रभक्ति से गुंजायमान रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केशकाल विधायक श्री नीलकंठ टेकाम ने चाराे पूर्व सैनिकों को पुष्पमाला पहनाकर साल और श्रीफल भेंट किया और अपने उद्बोधन में अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के कार्यों की मुक्तकंठ से प्रशंसा करते हुए कहा कि परिषद पूर्व सैनिकों के सम्मान के साथ-साथ युवाओं में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन, सेवा भावना एवं चरित्र निर्माण का उत्कृष्ट कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं को सेना, पुलिस एवं अन्य वर्दीधारी सेवाओं में जाने के लिए प्रेरित करते हैं तथा समाज में राष्ट्रसेवा की भावना को और अधिक सशक्त बनाते हैं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के जिला संरक्षक एवं बस्तर संभाग प्रभारी सुब्रत साहा ने चारों पूर्व सैनिकों का अभिनंदन करते हुए कहा कि सेना से सेवानिवृत्ति सेवा का अंत नहीं, बल्कि समाज सेवा की नई शुरुआत है। उन्होंने कहा कि सेना में अर्जित अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, अनुभव एवं राष्ट्रसेवा की भावना को समाज और विशेष रूप से युवाओं तक पहुँचाना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने चारों सैनिकों से युवाओं का मार्गदर्शन कर अधिक से अधिक युवाओं को भारतीय सेना, अर्द्धसैनिक बलों, पुलिस एवं अन्य वर्दीधारी सेवाओं में भर्ती होने के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया। कार्यक्रम के समापन के अवसर पर अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, जिला कोंडागांव के जिला अध्यक्ष सूरज यादव ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, पूर्व सैनिकों, सम्मानित वीर सैनिकों, उनके परिजनों, निःशुल्क सैन्य प्रशिक्षण के प्रशिक्षार्थियों, अभिभावकों, मीडिया प्रतिनिधियों, पुलिस प्रशासन, नगर पंचायत, सभी सहयोगी संस्थाओं एवं उपस्थित समस्त नागरिकों का हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आप सभी के सहयोग, सहभागिता एवं राष्ट्रभक्ति की भावना से यह भव्य सम्मान समारोह कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ तथा भविष्य में भी समाज एवं राष्ट्रहित में ऐसे प्रेरणादायी कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे। कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि, जिले के पूर्व सैनिक, सैनिकों के परिजन, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, निःशुल्क सैन्य प्रशिक्षण के प्रशिक्षार्थी, उनके अभिभावक, मीडिया प्रतिनिधि, नगर पंचायत के कर्मचारी, पुलिस प्रशासन एवं पुलिस बल सहित बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे। इस अवसर पर निःशुल्क सैन्य प्रशिक्षण लेने वाले प्रशिक्षार्थियों ने भी वीर सैनिकों से प्रेरणा लेकर देश सेवा का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम में अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, जिला कोंडागांव के जिला संरक्षक एवं बस्तर संभाग प्रभारी श्री सुब्रत साहा, जिला अध्यक्ष सूरज यादव, कोषाध्यक्ष सोमेश्वर भारती, उपाध्यक्ष अजनेर लकड़ा, सदस्य श्री श्रीकांत तिवारी, ढालेश साहू, फरसगांव ब्लॉक अध्यक्ष बप्पा नंदी, सचिव रिकेश कुमार कुंवर, बड़ेराजपुर ब्लॉक अध्यक्ष रूपउ राम मरकाम, ब्लॉक सचिव संतोष मरकाम, केशकाल ब्लॉक अध्यक्ष आसमान मंडावी, सचिव मनोज शोरी सहित परिषद के अनेक पदाधिकारी, पूर्व सैनिक एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
