विश्व रक्तदाता दिवस पर कोण्डागांव जिला चिकित्सालय में रक्तदान शिविर संपन्न, CRPF के जवानों ने लिया बढ़-चढ़ कर हिस्सा

यजुवेन्द्र सिंह ठाकुर

कोण्डागांव, 14 जून 2026 | विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर रविवार को जिला चिकित्सालय कोण्डागांव स्थित ब्लड सेंटर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना एवं मुख्य चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आरके चतुर्वेदी के निर्देशानुसार सिविल सर्जन डॉ. पीएल मंडावी के मार्गदर्शन में मानवता और सेवा के संदेश के साथ आयोजित इस शिविर में कुल 15 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।

इस वर्ष विश्व रक्तदाता दिवस की थीम “One Drop of Humanity, Give Blood, Save Lives” रखी गई थी। इसी संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित शिविर में विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

शिविर की विशेष बात यह रही कि सीआरपीएफ के जवानों ने बढ़-चढ़कर रक्तदान किया और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी का परिचय दिया। वहीं HDFC Bank के कर्मचारियों ने भी रक्तदान एवं आयोजन में सहयोग देकर सराहनीय योगदान दिया।

आयोजकों ने बताया कि रक्तदान एक ऐसा महादान है, जिससे जरूरतमंद मरीजों को समय पर जीवनरक्षक रक्त उपलब्ध कराया जा सकता है। उन्होंने रक्तदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों में अधिकाधिक सहभागिता की अपील की।

जिला चिकित्सालय के ब्लड सेंटर में आयोजित इस शिविर ने एक बार फिर यह साबित किया कि समाज की सामूहिक भागीदारी से मानवता की सेवा का बड़ा लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। रक्तदाताओं के उत्साह और सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।