यजुवेन्द्र सिंह ठाकुर 
पटवारी की नौकरी दिलाने के नाम पर 6 लाख 50 हजार रुपये की ठगी करने के आरोप में कोण्डागांव पुलिस ने बफना निवासी रितेश पटेल को आज रविवार को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। कोंडागांव पुलिस द्वारा जारी विज्ञप्ति अनुसार ग्राम गिरोला निवासी अभिराम सोरी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वर्ष 2017 में पटवारी भर्ती के दौरान रितेश पटेल ने नौकरी लगवाने का झांसा देकर उससे 6.50 लाख रुपये ले लिए थे। न तो नौकरी लगी और न ही रकम वापस की गई।
शिकायत पर थाना कोण्डागांव में धारा 420 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के निर्देश पर गठित टीम ने आरोपी को कुछ ही घंटों में हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी ठगी, बलवा एवं प्रतिबंधात्मक धाराओं के मामले दर्ज हैं। वर्तमान में रितेश पटेल जिला कांग्रेस कमेटी में महामंत्री के पद पर पदस्थ थे। इस कार्यवाही के बाद कोंडागांव जिले में राजनीति गरमा गई हुआ और चारों ओर इसी की चर्चा हैं।कार्रवाई में थाना कोण्डागांव और साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
