मर्दापाल अंचल को 4.06 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, मंत्री केदार कश्यप ने किया भूमिपूजन

यजुवेन्द्र सिंह ठाकुर

कोंडागांव, 8 जून 2026 | प्रदेश के वन, जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता एवं संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप ने मर्दापाल क्षेत्र के विभिन्न ग्राम पंचायतों में 4 करोड़ 6 लाख 67 हजार रुपए की लागत से स्वीकृत विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इन कार्यों के तहत सड़क, पुलिया, स्कूल भवन, सामुदायिक भवन और डिजिटल सुविधा केंद्रों का निर्माण किया जाएगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा।

मंत्री कश्यप ने ग्राम चांगेर में लगभग 77.96 लाख रुपए की लागत से पुलिया निर्माण, नवीन प्राथमिक शाला भवन, सीसी सड़क, रंगमंच एवं सामुदायिक भवन निर्माण कार्यों की आधारशिला रखी। इसके बाद ग्राम मूलनार में लगभग 90.79 लाख रुपए की लागत से पुलिया, बाउंड्रीवाल, सीसी सड़क एवं अन्य विकास कार्यों का भूमिपूजन किया।

इसी क्रम में ग्राम पंचायत रानापाल, कोंगेरा, मुंगवाल एवं चेरंग में लगभग 28 लाख रुपए की लागत से पुलिया एवं सामुदायिक भवन निर्माण कार्यों का शुभारंभ किया गया। वहीं ग्राम हथकली, मटवाल, पेरमापाल, नरिहा एवं आदनार में लगभग 99.99 लाख रुपए की लागत से सामुदायिक भवन, सीसी सड़क, नवीन शाला भवन एवं पुलिया निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया गया।

मंत्री कश्यप ने ग्राम बड़ेकुरुषनार में लगभग 88.14 लाख रुपए की लागत से पुलिया, रंगमंच, आहाता, अटल डिजिटल सुविधा केंद्र, नवीन प्राथमिक शाला भवन, सांस्कृतिक भवन एवं पंचायत भवन निर्माण कार्यों की आधारशिला रखी। इसके अलावा ग्राम बेचा में लगभग 21.79 लाख रुपए की लागत से रंगमंच एवं माध्यमिक शाला भवन निर्माण कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण कर क्षेत्रवासियों को विकास कार्यों की सौगात दी।

इस अवसर पर मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार गांव-गांव तक विकास की रोशनी पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, शिक्षा, सामुदायिक अधोसंरचना और डिजिटल सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि मजबूत सड़क नेटवर्क, बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं और सामुदायिक भवन ग्रामीण विकास की आधारशिला हैं। अटल डिजिटल सुविधा केंद्रों के माध्यम से ग्रामीणों को शासन की विभिन्न सेवाएं उनके गांव में ही उपलब्ध हो सकेंगी।

मंत्री कश्यप ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल भवन और सड़कें बनाना नहीं, बल्कि ग्रामीणों के जीवन स्तर को बेहतर बनाना है। इन विकास कार्यों के पूर्ण होने से क्षेत्र में शिक्षा, रोजगार, सामाजिक गतिविधियों और जनसुविधाओं को नई मजबूती मिलेगी।