विनोद जैन 
बालोद । भारतीय जनता पार्टी के पार्षदों के एक प्रतिनिधिमंडल ने बालोद नगर पालिका के नवनियुक्त सीएमओ खिरोद्र भोई से भेंट मुलाक़ात किया
इस मुलाकात का मुख्य उद्देश्य शहर की जनसमस्याओं और विकास कार्यों पर चर्चा करना था। पार्षदों ने नए सीएमओ का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया और उन्हें कार्यभार संभालने की बधाई दी।
मुलाकात करने वालो में सभापति प्रीतम शेखर यादव, गोकुल ठाकुर, पुष्पा साहू, गोमती रात्रे, श्यामा यादव पार्षदगण सुनीता मनहर, कांति साहू, दीपक लोढा आदि प्रमुख रहे।
नवनियुक्त सीएमओ के साथ हुई इस चर्चा में भाजपा पार्षदों ने उन बुनियादी सुविधाओं पर जोर दिया, जो सीधे तौर पर आम नागरिकों के दैनिक जीवन को प्रभावित करती हैं।
पीएम आवास हितग्राहियों के रुके हुए किस्तों के भुगतान में तेजी लाने की मांग की गई। नए पात्र आवेदनों की प्रगति और आवास निर्माण की गुणवत्ता पर चर्चा हुई। वृद्धावस्था, विधवा और दिव्यांग पेंशन के लंबित प्रकरणों का जल्द निराकरण करने को कहा गया।
यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया कि पात्र व्यक्तियों को समय पर आर्थिक सहायता मिले। नक्शा पास करने की प्रक्रिया में होने वाली देरी को कम करने और इसे और अधिक पारदर्शी बनाने का सुझाव दिया गया।
जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया को सरल बनाने की मांग की गई ताकि जनता को बार-बार कार्यालय के चक्कर न काटने पड़ें।
पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्रों में रुकी हुई विकास परियोजनाओं, जैसे कि सड़क मरम्मत, नालियों की सफाई और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था पर भी ध्यान केंद्रित करने का आग्रह किया।
मुलाकात के दौरान गर्मियों के मौसम को देखते हुए पेयजल की सुचारू आपूर्ति और शहर में स्वच्छता अभियान को और प्रभावी बनाने की मांग रखी गई। सीएमओ ने पार्षदों की बातों को गंभीरता से सुना और नियम अनुसार समस्याओं के त्वरित निराकरण का भरोसा दिलाया।
