*चिल्हर की समस्या, जन- सहयोग संगठन ने स्टेट बैंक को दिया ज्ञापन*,,,

यजुवेन्द्र सिंह ठाकुर

काँकेर । समाजसेवी संगठन “जन सहयोग” द्वारा आज पुनः एक जन-हितैषी क़दम उठाते हुए शहर तथा जिले में चिल्हर नोट एवं सिक्कों की मांग को उठाते हुए स्टेट बैंक की मुख्य शाखा को ज्ञापन दिया है। जिसकी प्रतिलिपि रिज़र्व बैंक ऑफ इंडिया को भी दी गई है। ज्ञापन में संस्था के अध्यक्ष अजय पप्पू मोटवानी ने सूचित किया है कि चिल्हर तथा सिक्कों की भारी कमी के कारण व्यापारिक लेनदेन में समस्या उत्पन्न हो गई है। विशेषकर छोटे व्यापारियों तथा फुटपाथ में व्यापार करने वाले लोगों को चिल्हर की कमी के कारण धंधे चौपट होने की नौबत आ गई है। इन लघु व्यापारियों की हैसियत “फोन पे” आदि की सेवाएं प्राप्त करने की नहीं है ।अधिकतर ग्रामीण व्यापारी अशिक्षित हैं, जो “फोन पे” इत्यादि का संचालन करने में असमर्थ हैं। इस समस्या को काँकेर स्टेट बैंक की मुख्य शाखा के प्रबंधक महोदय के समक्ष जन सहयोग अध्यक्ष पप्पू मोटवानी, वरिष्ठतम पत्रकार सीतारामजी शर्मा तथा अनुराग उपाध्याय द्वारा उठाए जाने पर उन्होंने समस्या के प्रति सहमति प्रकट करते हुए कहा कि एक सप्ताह के लगभग नोट एवं सिक्कों की आपूर्ति रिज़र्व बैंक द्वारा की जाने वाली है । इसके पश्चात हम आपकी तथा समस्त छोटे बड़े व्यापारियों की मांग पूर्ण कर सकेंगे। इस आश्वासन पर “जनसहयोग ” संगठन के अध्यक्ष ने उन्हें धन्यवाद दिया। आशा की जाती है कि शीघ्र ही निकट भविष्य में काँकेर जिले की यह जटिल समस्या दूर हो सकेगी।