चंद्रहास वैष्णव 
जगदलपुर। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) जगदलपुर की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक यात्री का छूटा हुआ बैग सुरक्षित बरामद कर उसे सकुशल वापस लौटा दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 26 अप्रैल 2026 को सुबह लगभग 10:50 बजे आरपीएफ को सूचना मिली कि ट्रेन संख्या 18447 के कोच B2, बर्थ संख्या 21 में एक बैग छूट गया है। सूचना मिलते ही ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ कर्मी हेड कांस्टेबल जे. मुरली ने तत्परता दिखाते हुए ट्रेन के जगदलपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर पहुंचते ही बैग को सुरक्षित बरामद कर लिया।
इसके बाद बैग को आरपीएफ पोस्ट लाकर यात्री से संपर्क किया गया। दोपहर लगभग 4:45 बजे बैग के स्वामी देबोपम मोहंती, निवासी ओडिशा, आरपीएफ पोस्ट पहुंचे। पहचान और सत्यापन के बाद बैग उन्हें सौंप दिया गया।
बरामद बैग में लैपटॉप, कलाई घड़ी, मनी पर्स और जरूरी दस्तावेज सहित करीब ₹57,000 का सामान था। अपना सामान सुरक्षित मिलने पर यात्री ने आरपीएफ की ईमानदारी और त्वरित कार्रवाई के लिए आभार व्यक्त किया।
यह घटना आरपीएफ की जिम्मेदारी और यात्रियों की सुरक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का एक सराहनीय उदाहरण है।
