यजुवेन्द्र सिंह ठाकुर 
काँकेर । शहर तथा प्रदेश की सुप्रसिद्ध समाजसेवी संस्था जन सहयोग द्वारा आज रविवार को पुनः एक मानसिक विकलांग व्यक्ति की मदद की गई और उसका गांव घर का पता लगाकर भेजने की भी तैयारी है। वो चार दिनों से संस्था के अध्यक्ष अजय पप्पू मोटवानी को संदेश मिल रहे थे कि एक मानसिक रोगी शहर में बिना भोजन वस्त्र के अत्यंत कष्ट में घूम फिर रहा है और अपना नाम तक बताने में असमर्थ है। इस सूचना के बाद दो दिनों तक जन सहयोग के सदस्य उसे व्यक्ति को ढूंढते रहे। बड़ी मुश्किल से वह मिला लेकिन वह अपनी सेवा हेतु कोई सहयोग नहीं कर रहा था। अजय पप्पू मोटवानी के समझाने पर वह भोजन के लिए तैयार हुआ। उसे भरपेट अच्छे से अच्छा भोजन दिया गया और नहाने के लिए भी तैयार किया गया। बाल और दाढ़ी बनाने के बाद उसे नहलाया गया, जो शायद लंबे समय से नहीं नहाया था। नहाने के बाद वह कुछ शांत हुआ और उसने संस्था के द्वारा दिए गए कपड़े भी पहन लिए। वह अपना नाम-पता नहीं बता पाया, इसके लिए आम जनता से निवेदन किया गया है कि यदि कोई उसे पहचानता हो या पता जानता हो तो बताएं । संस्था अपने खर्चे पर उसे घर तक पहुंचाने के लिए हर समय तैयार रहेगी। आज के समाज सेवा कार्य में उत्साह पूर्वक भाग लेने वाले सदस्यों के नाम हैं,अध्यक्ष अजय पप्पू मोटवानी के अलावा भूतपूर्व सैनिक टी के जैन, करण नेताम, शैलेंद्र देहारी, नागेश देहारी, दीपक देहारी ,लखन देहारी,संजय कुंजाम ,सरकार सिंह ,भुवनेश्वर यादव, शंभू यादव, शंकर रजक आदि समाज सेवकों ने भरपूर सहयोग दिया, जिसकी प्रशंसा नागरिकों द्वारा की जा रही है।
